अंबिकापुर में दर्दनाक हादसा: स्कॉर्पियो ने 3 महिलाओं को कुचला, मुआवजे की मांग पर गुस्साए ग्रामीणों ने NH 130 पर लगाया जाम

स्कॉर्पियो ने 3 महिलाओं को कुचला

स्कॉर्पियो ने 3 महिलाओं को कुचला

अंबिकापुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्राम भीठीकला में रविवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन महिलाओं को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को NH 130 अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर जाम लगा दिया और मुआवजे की मांग पर अड़ गए।

बाजार से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम भीठीकला में साप्ताहिक बाजार से लौट रही रामबाई, मुन्नीबाई और श्यामपति को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। बताया जा रहा है कि वाहन चालक शराब के नशे में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद भागने के प्रयास में स्कॉर्पियो सामने से आ रहे एक ट्रेलर से जा टकराई।

ग्रामीणों ने चालक की की पिटाई

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया।

मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

सोमवार सुबह करीब 11 बजे से ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। उनकी मांग है कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक जाम जारी था।

प्रशासन ने दी तत्काल सहायता

हादसे के बाद प्रशासन ने तीनों मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। हालांकि, ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हैं और अधिक मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

यातायात प्रभावित, वैकल्पिक मार्ग का सहारा

जाम के कारण अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। यात्री बसों और अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

read more : दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक: कार से बैरियर तोड़ स्पीकर ऑफिस तक पहुंचा आरोपी, गुलदस्ता रख हुआ फरार

Youthwings