कबड्डी मैच हादसा: करंट की चपेट में आए खिलाड़ी, कबड्डी लीडर समेत 3 की मौत

Kondagaon : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शुक्रवार सुबह आयोजित कबड्डी मैच के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बड़ेराजपुर ब्लॉक के ग्राम रावसवाही में खेल के बीच अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी और तूफान के कारण मैदान में लगा टेंट उखड़कर 11 केवी बिजली की तार से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से तीन खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग बेहोश हो गए।

हादसे की पूरी घटना

सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच कबड्डी मैच शुरू ही हुआ था कि अचानक तेज हवा और बारिश ने खेल को रोक दिया। उसी दौरान टेंट उड़कर पास की 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन से जा टकराया। इससे टेंट में मौजूद लोग करंट की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को उठाकर विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में तीन खिलाड़ियों ने दम तोड़ा

विश्रामपुरी के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारती ने बताया कि कुल 6 घायलों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से तीन की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। बाकी तीन घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से दो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मृतकों और घायलों के नाम

  • मृतक:
    • सतीश कुमार (24), निवासी गरांजीडीही
    • श्याम नेताम (25), निवासी पांडेपारा
    • सुनील शोरी (25), निवासी बांसकोट (कबड्डी टीम लीडर)
  • घायल:
    • शिवम दास (16), निवासी बांसकोट
    • सुविलाल मरकाम (25), निवासी रावसवाही

जनप्रतिनिधि और प्रशासन की प्रतिक्रिया

घटना की जानकारी मिलते ही जिला भाजपा अध्यक्ष सेवक राम नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। जिला पंचायत सदस्य रामचरण शोरी ने सरकार से मृतकों और घायलों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Youthwings