आज तीन नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण, राजभवन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की खास तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है। इसके लिए भाजपा नेतृत्व ने सभी विधायकों को सुबह 10:30 बजे राजभवन में उपस्थित रहने का आग्रह किया है। राज्यपाल रमेन डेका तीन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजभवन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों और नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बीजेपी के विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।

विशेष छत्तीसगढ़ी व्यंजन से मेहमानों की खातिरदारी

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मेहमानों के लिए विशेष छत्तीसगढ़ी व्यंजन परोसे जाएंगे। जानकारी के मुताबिक सुबह 4:30 बजे से भोजन की तैयारी शुरू हो चुकी है। लगभग 500 लोगों के लिए खुरमी, देहाती बड़ा और चटनी जैसे पारंपरिक व्यंजन बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही वीआईपी मेहमानों के लिए अलग से स्वादिष्ट डिशेज और मिठाइयां परोसी जाएंगी।

ये तीन विधायक बनेंगे मंत्री

आज के समारोह में तीन विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे –

अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल

आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब

दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव

Youthwings