स्वपन नंदी की फर्जी मूंछें और फटी शर्ट! भ्रष्टाचार के आरोपी TMC नेता पर अंडे-चप्पलों की बरसात, केरल से हुआ गिरफ्तार

Swapan Nandi arrested

आरामबाग के ग्रीन सिटी घोटाले में 7.24 करोड़ के गबन का आरोपी, गिरफ्तारी के बाद हुगली में पैदल ले जाते समय भीड़ ने किया अपमान

 

आरामबाग, पश्चिम बंगाल। ममता बनर्जी की सरकार में भ्रष्टाचार के आरोपी नेताओं पर अब शिकंजा कसता जा रहा है। इसी कड़ी में ममता बनर्जी के करीबी और टीएमसी के पूर्व राज्य सचिव स्वपन कुमार नंदी को बंगाल पुलिस ने केरल से गिरफ्तार किया है। उसे हुगली जिले के आरामबाग लाया गया, जहां लोगों ने उस पर अंडे और चप्पलों की बरसात कर दी।

 

हुलिया बदलकर छिप रहा था स्वपन नंदी

स्वपन नंदी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अपना हुलिया तक बदल लिया था। उसने अपनी मूंछें मुंडवा दी थीं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अधिकारियों ने उसे केरल में ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे लेकर केरल से आरामबाग पहुंची। हुगली ग्रामीण पुलिस की एक स्पेशल टीम नंदी को गौराहटी क्रॉसिंग से पैदल आरामबाग थाने ले जा रही थी, तभी स्थानीय लोगों ने नंदी का विरोध करना शुरू कर दिया।

 

अंडे-चप्पलों से हुआ ‘स्वागत’

जब पुलिस उसे लेकर इलाके में पहुंची, तो नाराज लोगों ने नंदी पर अंडे मारने शुरू कर दिए। किसी ने उसके चेहरे पर कालिख फेंक दी, तो किसी ने शर्ट फाड़ दी। भीड़ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाती रही।

 

हालात इतने खराब हो गए कि पुलिस को स्वपन नंदी को दौड़ाकर ले जाना पड़ा, लेकिन लोग पीछे हटने को तैयार नहीं थे। वे लगातार उस पर अंडे मारते रहे। किसी तरह पुलिस नंदी को थाने लेकर पहुंच सकी।

 

ग्रीन सिटी घोटाले में 7.24 करोड़ का आरोप

स्वपन नंदी पर आरामबाग नगरपालिका की ग्रीन सिटी योजना में भ्रष्टाचार का आरोप है। 2017 में आई इस योजना के तहत 44 स्कूलों में सोलर सिस्टम लगाने की योजना थी।

 

आरोप है कि स्कूलों में सिर्फ 44 लाख रुपये का ही काम कराया गया, जबकि बाकी रकम भ्रष्टाचार के भेंट चढ़ गई। फर्जी बिल बनाकर सरकारी पैसे का गबन किया गया। स्वपन नंदी पर करीब 7.24 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है।

 

बंगाल में भ्रष्टाचारियों में दहशत

बता दें कि शुभेंदु सरकार के आने के बाद बंगाल में घोटालेबाजों और कट मनी लेने वालों में जबरदस्त दहशत है। हर दिन कोई न कोई बड़ा नेता पुलिस की गिरफ्त में आ रहा है।

 

इससे पहले बंगाल पुलिस ने बांग्लादेश बॉर्डर से जहांगीर खान को गिरफ्तार किया था, जिसे पुलिस ने हाफ पैंट में परेड कराई थी। वहीं, अभिषेक बनर्जी जब अपने क्षेत्र में पहुंचे, तो लोगों ने उन पर अंडे और पत्थर से हमला कर दिया था।

 

अब फालता के देवीपुर में हाउसिंग स्कीम का कट मनी वसूलने वाला स्थानीय प्रेसिडेंट सौमित्र मंडल डर के मारे लोगों के पैसे वापस कर रहा है। बंगाल में कानून का राज कायम होने के बाद अब भ्रष्टाचारी नेता सहम गए हैं।

 

स्वपन नंदी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है।

 

Read more- 

West Bengal EVM Fire: सरकारी बिल्डिंग में कैसे जल गईं 4000 EVM? मंत्री ने जताई साजिश की आशंका

 

Youthwings