रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में दर्दनाक हादसा, सीवरेज टैंक में उतरे 3 मजदूरों की मौत
राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल परिसर में सीवरेज टैंक की सफाई के लिए तीन मजदूरों को अंदर उतारा गया था। टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस के कारण एक-एक कर तीनों की तबीयत बिगड़ती गई और उनकी मौत हो गई।
परिजनों का हंगामा
घटना के बाद अस्पताल के बाहर भारी हंगामा देखने को मिला। मृतकों के परिजन अस्पताल परिसर में घुस आए और पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी भी हुई। परिजन बिलखते नजर आए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मजदूरों को टैंक में उतारा गया। उनका कहना है कि खर्च बचाने के लिए सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई और प्रशिक्षित कर्मचारियों की जगह सामान्य मजदूरों से काम कराया गया।
सुरक्षा मानकों पर सवाल
सीवरेज टैंक की सफाई अत्यंत जोखिम भरा कार्य होता है, जिसके लिए गैस डिटेक्टर, ऑक्सीजन मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल अनिवार्य माना जाता है। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है, जो सिमरन सिटी के निवासी बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

