नाइजीरियन छात्र की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 विदेशी छात्रों को किया गिरफ्तार

रायपुर। थाना मंदिर हसौद क्षेत्र अंतर्गत नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित चार मंजिला ईडब्ल्यूएस भवन से गिरकर विदेशी छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद पुलिस ने निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले तीन विदेशी छात्रों को गैर-इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 दिसंबर 2025 की शाम करीब 7:10 बजे की है। मृतक सैमपुर जुदे निजी यूनिवर्सिटी का विदेशी छात्र था और अपने एक साथी के साथ सेक्टर-16 स्थित ईडब्ल्यूएस भवन के पास खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान यूनिवर्सिटी के ही तीन छात्र नोउई कुर माजाक, सबरी पालीनो उर्फ टोनी और मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन वहां पहुंचे और मृतक पर अपने एक साथी की महिला मित्र के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने सैमपुर जुदे के साथ मारपीट की कोशिश की, जिससे वह घबरा गया। जान बचाने के लिए वह उसी भवन की सीढ़ियों से होते हुए छत की ओर भागा। आरोप है कि तीनों आरोपी उसका पीछा करते हुए छत तक पहुंच गए। मारपीट के डर से घबराकर सैमपुर जुदे ने छत से नीचे छलांग लगा दी।

नीचे कंक्रीट सड़क पर गिरने से उसके सिर, मुंह और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। साथी छात्रों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मंदिर हसौद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की।

पुलिस ने नोउई कुर माजाक (23), सबरी पालीनो उर्फ टोनी (22) और मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन (22) को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपी अफ्रीकी देश दक्षिण सूडान के निवासी बताए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना के बाद निजी यूनिवर्सिटी और नवा रायपुर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Youthwings