बिलासपुर में व्यापारी की कार से 8 लाख रुपये से भरा बैग पार, CCTV में कैद हुई वारदात
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार रात उठाईगिरी की बड़ी वारदात सामने आई है। दुकान बंद करने के दौरान अज्ञात आरोपी कार से पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब 8 लाख रुपये नगद रखे थे। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक शहर के व्यापार विहार छोटी पार्किंग के पास स्थित हरे कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक इस घटना के शिकार हुए हैं। शनिवार रात करीब 8:30 बजे उन्होंने अपनी दुकान के गल्ले से नगद राशि निकालकर अपनी कार में रख दी थी।
इसके बाद वे दुकान का शटर बंद कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर कार का दरवाजा खोलकर अंदर रखा पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में करीब 8 लाख रुपये नगद रखे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जिले के एसएसपी रजनेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को आरोपी की तलाश के निर्देश दिए।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। घटना के बाद शहर और आसपास के थानों को अलर्ट कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
