योग से शुरू हुआ चिंतन शिविर 2.0 का दूसरा दिन, मुख्यमंत्री साय ने मंत्रियों संग किए योगासन

छत्तीसगढ़ में ‘चिंतन शिविर 2.0’ का दूसरा दिन योग की ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ शुरू हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार सुबह नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) परिसर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कैबिनेट के मंत्रियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग न केवल एक व्यायाम है, बल्कि यह एक ऐसी जीवनशैली है जो तन और मन दोनों को संतुलित करती है।

मुख्यमंत्री साय ने योग को निरोग जीवन का मूल बताया। उन्होंने कहा कि “योग से शरीर स्वस्थ रहता है, मन को शांति मिलती है और व्यक्ति प्रकृति के और अधिक करीब आता है।” उन्होंने इस मौके पर सभी लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की और कहा कि चिंतन शिविर जैसे आयोजन योग के माध्यम से नीति-निर्माण के साथ संतुलित जीवनशैली को भी बढ़ावा देते हैं।

इस योग सत्र में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी शामिल हुए। इसके अलावा IIM रायपुर के निदेशक प्रो. रामकुमार काकानी ने भी योग अभ्यास में भाग लिया।

योग सत्र के दौरान विभिन्न प्रकार के आसनों का अभ्यास किया गया, जिनका उद्देश्य तन, मन और आत्मा को संतुलन में लाना था। मंत्रियों ने पूरे मनोयोग से इन आसनों को किया और इस पहल की सराहना की।

चिंतन शिविर के इस स्वास्थ्यवर्धक आरंभ को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इसे न केवल एक प्रेरणास्पद पहल बताया, बल्कि यह भी कहा कि राज्य स्तर पर इस तरह की गतिविधियों से आम जनता को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता मिलेगी।

इस आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि प्रदेश सरकार केवल नीतियों के चिंतन तक सीमित नहीं है, बल्कि वह नेतृत्वकर्ताओं के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा देना चाहती है।

Youthwings