सूदखोर तोमर भाइयों की प्रॉपर्टी हो सकती है कुर्क: आज कोर्ट में पेश होने का आखिरी मौका
रायपुर के कुख्यात सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधु पिछले दो महीने से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अब कोर्ट ने उनकी अनुपस्थिति को गंभीर मानते हुए बड़ी कार्रवाई का रास्ता खोल दिया है। रायपुर कोर्ट ने पुलिस की याचिका स्वीकार कर कलेक्टर को दोनों भाइयों की चार संपत्तियों की कुर्की का प्रतिवेदन भेज दिया है।
इससे पहले नगर निगम ने आरोपी रोहित तोमर के अवैध ऑफिस पर बुलडोजर चलाकर तोड़फोड़ की थी। अब कोर्ट की सख्ती के बाद आरोपियों पर गिरफ्तारी का दबाव और बढ़ गया है।
18 अगस्त है आख़िरी मौका
कोर्ट ने फरार आरोपियों को पेश होने के लिए अंतिम नोटिस जारी किया है। आदेश के मुताबिक, अगर रोहित तोमर और वीरेंद्र सिंह तोमर 18 अगस्त तक अदालत में हाजिर नहीं होते, तो उनकी संपत्तियों को सील कर कुर्क कर दिया जाएगा।
रायपुर पुलिस पहले ही दोनों भाइयों के फरार होने के बाद संपत्ति कुर्की की मांग को लेकर कोर्ट में आवेदन दाखिल कर चुकी थी।
मारपीट केस से शुरू हुई फरारी
करीब दो महीने पहले प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला ने तेलीबांधा थाने में रोहित तोमर के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद से रोहित फरार हो गया और जल्द ही उसका भाई वीरेंद्र भी गायब हो गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई राज्यों में टीमें भेजीं, लेकिन अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पीड़ितों का डर टूट रहा
तोमर बंधुओं और उनके गुर्गों के खिलाफ लंबे समय से अवैध वसूली, धमकी और मारपीट की शिकायतें रही हैं। डर और दबाव की वजह से पीड़ित पहले पुलिस तक नहीं पहुँच पा रहे थे। लेकिन अब लगातार होती कार्रवाई के बाद लोग सामने आ रहे हैं।
