सीमेंट की कीमतों में 10% कमी का लाभ जनता तक नहीं पहुँचा, कंपनियों ने बिलिंग में दिखाया ‘कागजी खेल’, अब फिर से दाम बढ़ाने की तैयारी

सीमेंट के दाम बढ़ाने की तैयारी

सीमेंट के दाम बढ़ाने की तैयारी

रायपुर: जीएसटी के स्लैब में बदलाव के बाद सीमेंट पर कर 28% से घटाकर 18% कर दिया गया था। नियम के अनुसार इस बदलाव से सीमेंट की कीमतों में कम से कम 10% यानी लगभग 25–30 रुपए की गिरावट आनी चाहिए थी। लेकिन प्रदेश के उपभोक्ताओं को यह राहत अब तक नहीं मिल सकी है।

सरकारी कामों के लिए इस्तेमाल होने वाले नॉन-ट्रेड सीमेंट पर कंपनियों ने 25 रुपए की कटौती जरूर दिखाई, लेकिन खुले बाजार में मिलने वाले सीमेंट में कंपनियों ने कीमत घटाने के बजाय बिलिंग और डिस्काउंट की चाल चल दी।

कैसे किया कंपनियों ने कीमतों का ‘समायोजन’

बाजार में सीमेंट की वास्तविक कीमत लंबे समय से डिस्काउंट के जरिए तय होती रही है। पहले कंपनियां 300–320 रुपए प्रति बोरी बिलिंग दिखाती थीं।डिस्काउंट घटाकर यह सीमेंट डीलरों को 250–270 रुपए में मिल जाता था।

जीएसटी कम होने के बाद

कंपनियों ने कागजों में बिलिंग रेट 30 रुपए कम करके 290 रुपए कर दिया।लेकिन डिस्काउंट भी कम कर दिया गया, जिससे डीलरों तक पहले जितनी राहत नहीं पहुंची। इस तरह कंपनियों ने सरकार को कमी दिखा दी, लेकिन वास्तविक कीमतें लगभग जस की तस ही रहीं।

खुले बाजार में क्यों नहीं दिखाई दी सस्ती कीमतें

विशेषज्ञों के अनुसार, कंपनियां पहले से ही बिलिंग में ऊँची कीमत दिखाकर बाद में डिस्काउंट दे रही थीं। उदाहरण के तौर पर— 300 रुपए बिलिंग पर 50 रुपए डिस्काउंट देकर सीमेंट 250 रुपए में डीलरों को मिलता था। जीएसटी घटने के बाद बिलिंग 290 रुपए कर दी गई, लेकिन डिस्काउंट 50 से घटाकर 20 रुपए कर दिया गया। नतीजतन डीलरों को अब सीमेंट 270 रुपए में मिल रहा है, जबकि पहले यह 250–270 रुपए की रेंज में मिल जाता था।

read more : जिंदल पावर की कोल ब्लॉक परियोजना की जनसुनवाई में बड़ा हंगामा, ग्रामीण ने मंच पर अपशब्द बोले

ग्राहकों पर सीधा असर: राहत नहीं, बोझ बढ़ा

पहले जो सीमेंट ग्राहकों को 290–300 रुपए में मिल रहा था, वह जीएसटी घटने के बाद 260–270 रुपए में आना चाहिए था। लेकिन वास्तविक स्थिति यह है—डीलरों को सीमेंट 270 रुपए में मिल रहा है थोक में 280–290 रुपए चिल्हर में 300–310 रुपए प्रति बोरी बेचा जा रहा है। यानी कीमतें उसी स्तर पर अटकी हैं, जबकि कर कम होने से बड़ी राहत मिलनी चाहिए थी।

कंपनियों की नई तैयारी: 20 रुपए और बढ़ेंगे दाम

जानकारी के अनुसार, सीमेंट कंपनियां जल्द ही 20 रुपए प्रति बोरी की और वृद्धि करने की तैयारी में हैं। यदि ऐसा होता है तो— थोक बाजार में सीमेंट 300 रुपए से ऊपर पहुँच जाएगा खुदरा बाजार में कीमतें 330 रुपए प्रति बोरी तक जा सकती हैं। इससे आम उपभोक्ता पर एक और बोझ बढ़ने वाला है, जबकि जीएसटी कटौती का लाभ अभी तक जमीन पर नहीं दिखा।

Youthwings