प्रदेशभर में एनालॉग पनीर का खेल: दूध पाउडर से बन रहा पनीर, सरकार ही दे रही लाइसेंस और छापे भी पड़ रहे…
एनालॉग पनीर
रायपुर : प्रदेश के होटल, ढाबों और रेस्तरां में खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। ग्राहकों को जहां असली पनीर परोसे जाने का दावा किया जाता है, वहीं वास्तव में उन्हें सस्ते एनालॉग पनीर से बने व्यंजन परोसे जा रहे हैं। असली पनीर की कीमत जहां 500 से 600 रुपये प्रति किलो तक होती है, वहीं एनालॉग पनीर महज 200 रुपये किलो में उपलब्ध है।
जांच के दायरे से बाहर होटल-ढाबे
चौंकाने वाली बात यह है कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम फिलहाल होटल, ढाबों और रेस्तरां में जाकर जांच नहीं कर रही है। जांच का दायरा मुख्य रूप से उत्पादन इकाइयों तक सीमित है, जिससे उपभोक्ताओं की सेहत पर सीधा खतरा बना हुआ है।
ऐसे करें असली और एनालॉग पनीर की पहचान
असली पनीर
नरम और मुलायम
दूधिया खुशबू
हल्का मीठा स्वाद
स्पंजी और कोमल बनावट
पानी में डालने पर रंग में बदलाव नहीं
एनालॉग पनीर
रबर जैसा लचीला
पाम ऑयल जैसी महक
स्वादहीन और चिपचिपा
सख्त और अधिक चिकनाई युक्त
पानी में डालने पर स्टार्च के कारण नीला या काला रंग
एफएसएसएआई लगातार सख्त कर रहा नियम
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) एनालॉग पनीर के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए नियमों में लगातार संशोधन कर रहा है।
एनालॉग पनीर का उपयोग करने वालों के लिए उत्पाद पर स्पष्ट उल्लेख अनिवार्य किया गया है। अब इसे छोटे पैकेट में बेचने पर रोक लगाने की तैयारी भी की जा रही है। साथ ही इसे दूध से बना पनीर बताकर बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया जा रहा है।
read more : रायपुर में रिहायशी इलाकों तक पहुंचा सूखा नशा, फ्लैट के अंदर ड्रग्स लेते युवक-युवती का वीडियो वायरल
कैसे बनता है एनालॉग पनीर
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, एनालॉग पनीर पाम ऑयल (वनस्पति घी) और मिल्क पाउडर को मिलाकर तैयार किया जाता है।
जबकि असली पनीर शुद्ध दूध से बनाया जाता है। एनालॉग पनीर में सैचुरेटेड फैट की मात्रा अधिक होती है और इसमें असली पनीर जैसे पोषक तत्व नहीं होते।
एनालॉग पनीर से हो सकते हैं ये खतरे
स्टार्च और सिंथेटिक एडिटिव्स से कब्ज और पेट फूलने की समस्या
पाम ऑयल के कारण कोलेस्ट्रॉल बढ़ने और हृदय रोगों का खतरा
अधिक वसा से मधुमेह का जोखिम
खराब गुणवत्ता का तेल लिवर और किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है
