शादी के 27 साल बाद थलापति विजय की पत्नी ने मांगा तलाक, लगाए संगीन आरोप

तमिलनाडु से एक बड़ी खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता और तमिलगा वेत्रि कझगम (TVK) प्रमुख विजय की पत्नी संगीता ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की है। याचिका में विजय पर एक अभिनेत्री के साथ अवैध संबंध (अडल्टरी) का आरोप लगाया गया है।

कोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए मामले को फैमिली वेलफेयर कमिटी को भेज दिया है। इस प्रकरण में अगली सुनवाई 20 अप्रैल को निर्धारित की गई है। बताया जा रहा है कि दंपति पिछले दो वर्षों से अलग रह रहे थे। विजय और संगीता की शादी 25 अगस्त 1999 को हुई थी और विवाह को लगभग 27 वर्ष हो चुके हैं।

 याचिका में लगाए गए आरोप

याचिका के अनुसार, अप्रैल 2021 में संगीता को कथित तौर पर जानकारी मिली कि विजय एक अभिनेत्री के साथ रिश्ते में हैं। इसे उन्होंने वैवाहिक विश्वास का उल्लंघन और भावनात्मक आघात बताया है। आरोप है कि विजय ने उस अभिनेत्री के साथ सार्वजनिक रूप से मेलजोल जारी रखा, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा और सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, तलाक की याचिका स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत दायर की गई है। इस कानून के प्रावधानों के अनुसार, व्यभिचार या क्रूरता जैसे आरोप सिद्ध होने पर तलाक की मांग की जा सकती है।

फिलहाल विजय की टीम और संगीता की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

विजय और संगीता के दो बच्चे हैं बेटा जेसन संजय (जन्म 2000) और बेटी (जन्म 2005)। दोनों ने अपने विवाह के समय हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से शादी की थी।

विजय, जिन्हें उनके प्रशंसक “थलापति” के नाम से जानते हैं, जल्द ही फिल्म जन नायकन में नजर आने वाले हैं। हालांकि यह फिल्म फिलहाल कानूनी प्रक्रिया के चलते चर्चा में है और इसकी रिलीज को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

फिलहाल इस मामले में कोर्ट की आगामी सुनवाई और दोनों पक्षों के आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Youthwings