Love Jihad : लव जिहाद को लेकर बवाल, आरोपी के घर में लगाई आग, सात गिरफ्तार
Love Jihad
Love Jihad / Ujjain : जिले के बिछड़ोद गांव में लव जिहाद के एक मामले ने हिंसक रूप ले लिया है। एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मुख्य आरोपी के घर पर पथराव कर आग के हवाले कर दिया। हालात बिगड़ते देख भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।
वायरल वीडियो से भड़की भीड़
सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक हिंदू लड़की, एक गैर हिंदू युवक के साथ नजर आ रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने दो युवकों – फरमान और एक अन्य – को पकड़कर पूछताछ की। जब उनके मोबाइल फोन की तलाशी ली गई, तो उसमें आपत्तिजनक वीडियो, अश्लील फोटो और कॉल रिकॉर्डिंग मिली, जिसके बाद गांव में तनाव और आक्रोश फैल गया।
आरोपी के घर में पथराव और आगजनी
मंगलवार को गांव में बंद का आह्वान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदूवादी संगठन जुटे और उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। देखते ही देखते भीड़ ने फरमान के घर पर पथराव कर आग लगा दी। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, सात आरोपी गिरफ्तार
एसपी प्रदीप शर्मा, एएसपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
एसपी शर्मा के अनुसार, फरमान, इकरार, उजैर पठान, राजा रंगरेज, जुबेर मंसूरी, जुनेद मंसूरी और फैज खान को हिरासत में लिया गया है। इन सभी के मोबाइल डेटा की साइबर टीम जांच कर रही है।
पीड़ित लड़कियों की काउंसलिंग
मुख्य आरोपी फरमान के मोबाइल की तलाश जारी है। वहीं महिला पुलिस अधिकारी पीड़ित लड़कियों की काउंसलिंग कर रही हैं। दो लड़कियों ने एफआईआर दर्ज कराई है, जिनके आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात है और फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।
