रायपुर में तनाव: करणी सेना प्रमुख की गिरफ्तारी की घोषणा पर जमावड़ा, भारी पुलिस तैनाती

रायपुर। राजधानी रायपुर में कथित सूदखोर वीरेंद्र सिंह तोमर उर्फ रूबी तोमर की गिरफ्तारी के बाद से चल रहा राजनीतिक बवाल अब गर्मा गया है। क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने आज शाम मौदहापारा थाना पहुंचकर स्वेच्छा से गिरफ्तारी देने की घोषणा की है, जिसके बाद से पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब पुलिस ने वीरेंद्र तोमर की गिरफ्तारी के बाद उसका एक जुलूस निकाला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके जवाब में डॉ. शेखावत ने फेसबुक लाइव के दौरान पुलिस अधिकारियों के खिला़फ आपत्तिजनक बयान दिए और उनके घरों में घुसकर प्रदर्शन करने की धमकी दी। इसके बाद मौदहापारा थाने में उनके खिलाफ़ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और शासकीय कर्मचारी को डराने-धमकाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।

डॉ. शेखावत ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि वे अहमदाबाद से सड़क मार्ग से रायपुर के लिए रवाना हो चुके हैं और आज शाम 4 बजे मौदहापारा थाना पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे।

 

इस घोषणा के बाद से पुलिस ने रायपुर बॉर्डर पर स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा और मौदहापारा थाना परिसर में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। इस नाजुक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने 2 अतिरिक्त एसपी, एक डीएसपी और 13 थाना प्रभारियों को मौके पर तैनात किया है।

 

मौके पर मौजूदगी

वहीं करणी सेना के कार्यकर्ता भी थाना परिसर के आस-पास इकट्ठा हो गए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क है।

Youthwings