CG weather update:छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा तापमान, 27 मार्च को बारिश और गरज-चमक के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली है।
हालांकि, अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और गरज-चमक के संकेत भी मिल रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से 27 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में अस्थायी गिरावट भी दर्ज की जा सकती है, जबकि कुछ इलाकों में धूप बनी रहेगी।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में अंतर साफ तौर पर देखा जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।
