Tej Pratap Yadav News: लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप आज खोलेंगे ‘5 जयचंद’ का राज, कहा- मेरे करियर को बर्बाद किया गया
Tej Pratap Yadav News
पटना। Tej Pratap Yadav News: लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव आज बड़ा खुलासा करने वाले हैं। तेज प्रताप का दावा है कि परिवार से जुड़े पांच लोगों ने मिलकर उनके खिलाफ सियासी साजिश रची और उनके राजनीतिक करियर को खत्म करने की कोशिश की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कहा कि अब वह इन ‘5 जयचंदों’ का चेहरा और चरित्र जनता के सामने लाएंगे।
तेज प्रताप का आरोप – 5 परिवारों ने रची साजिश
तेज प्रताप यादव ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि मेरे राजनीतिक जीवन को पांच परिवारों ने मिलकर और बड़े पैमाने पर षड्यंत्र करके समाप्त करने की कोशिश की है। मैं इन सबका खुलासा करूंगा और जनता के सामने सच रखूंगा।
लालू यादव से दूरी और नया राजनीतिक सफर
गौरतलब है कि हाल ही में आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से बाहर करने का ऐलान कर दिया था। इसकी वजह अनुष्का यादव नाम की लड़की के साथ उनकी तस्वीर बताई गई थी। इसके बाद से ही तेज प्रताप ने बगावत का रुख अख्तियार कर लिया। उन्होंने ‘जनशक्ति जनता दल’ नाम से नई पार्टी बनाई है और चुनाव आयोग में उसके रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन किया है। इतना ही नहीं, तेज प्रताप ने पांच अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन भी किया है।
महुआ से चुनाव लड़ने का ऐलान
तेज प्रताप यादव ने अगला विधानसभा चुनाव महुआ सीट से लड़ने का ऐलान किया है। वह लगातार चुनावी तैयारियों में जुटे हैं और आरजेडी से नाराज नेताओं को भी साधने की कोशिश कर रहे हैं।
छोटे भाई और कांग्रेस पर भी हमलावर
तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भी चेतावनी दी है। हाल ही में उन्होंने राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ पर भी सवाल उठाए और तेजस्वी यादव के साथ-साथ कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया।
कौन हैं तेज प्रताप के ‘जयचंद’?
तेज प्रताप का दावा है कि जिन पांच परिवारों को वह ‘जयचंद’ कह रहे हैं, उनमें से एक परिवार पटना छोड़कर जाने की तैयारी में था, लेकिन उनके डर से ऐसा नहीं कर पाया। आज वह इस पूरे मामले से पर्दा उठाने वाले हैं।
