Tamnar Coal Block Dispute: प्रशासन–ग्रामीण वार्ता में बनी सहमति, जनसुनवाई निरस्त करने पर सहमति, आंदोलन जारी रहने के संकेत
Tamnar Coal Block Dispute: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में कोल ब्लॉक के विरोध को लेकर चल रहा विवाद अब बातचीत के जरिए सुलझता नजर आ रहा है। हाल ही में हुई हिंसक झड़प के बाद प्रशासन और ग्रामीणों के बीच द्विपक्षीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान जनसुनवाई निरस्त करने की मांग पर सहमति बनी है।
बैठक के बाद जिला प्रशासन ने जनसुनवाई निरस्त करने की अनुशंसा करते हुए राज्य शासन को औपचारिक पत्र भेज दिया है। कलेक्टर (डीएम) की ओर से यह पत्र भेजे जाने की पुष्टि की गई है। हालांकि, आंदोलन की समाप्ति को लेकर ग्रामीणों ने अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर लिखित और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच आगे भी बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है।
हिंसक झड़प में TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल
गौरतलब है कि जेपीएल (JPL) कोयला खदान के विरोध में धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच शुक्रवार को हिंसक झड़प हो गई थी। इस दौरान तमनार थाना प्रभारी कमला पुषाम पर महिलाओं द्वारा हमला किया गया, जिसमें उन्हें लात मारी गई। हमले में TI घायल होकर बेहोश हो गई थीं।
इस घटना में एसडीओपी अनिल विश्वकर्मा समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। कुछ घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कर्मियों को रायगढ़ रेफर किया गया।
हालात बिगड़ने पर जलाई गईं गाड़ियां
झड़प के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ियों और एंबुलेंस को भी आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
फिलहाल प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता के बाद हालात में कुछ हद तक शांति बनी है, लेकिन आंदोलन समाप्त होगा या नहीं, इसका फैसला अब आगे की बातचीत पर निर्भर करेगा।
