Switzerland Blast News: नए साल पर स्विट्जरलैंड के लग्जरी स्की बार में जोरदार धमाका, कई लोगों की मौत की आशंका
Switzerland Blast News: नए साल के पहले दिन स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध लग्जरी अल्पाइन स्की रिजॉर्ट शहर क्रांस मोंटाना में बड़ा धमाका होने की खबर सामने आई है। इस हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी AFP से बातचीत में इस बात की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, यह धमाका एक लग्जरी स्की बार में हुआ, जहां लोग नए साल का जश्न मना रहे थे। धमाके के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग चीखते-चिल्लाते हुए बाहर निकलते नजर आए। विस्फोट के चलते रिजॉर्ट में आग भी लग गई, जिसे काबू में करने के लिए तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
स्विस पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं। पुलिस प्रवक्ता गेटान लाथयॉन ने बताया कि भारतीय समयानुसार रात करीब 12:30 बजे एक तेज धमाका हुआ। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं और कुछ लोगों की मौत की भी आशंका है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में धमाके के तुरंत बाद आग लगने और घायलों की मदद करते लोगों को देखा जा सकता है। हालांकि, धमाके के कारणों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
क्रांस मोंटाना स्विट्जरलैंड का एक प्रमुख लग्जरी स्की रिजॉर्ट शहर है, जो राजधानी बर्न से लगभग दो घंटे की दूरी पर स्थित है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
