स्वाति कौशिक को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव नियुक्त

अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा ने स्वाति कौशिक को छत्तीसगढ़ महिला प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश महासचिव सरिता वर्मा की अनुशंसा एवं महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिका चंद्राकर की अनुमति से की गई है। संगठन ने उनके अनुभव, कार्यशैली और सामाजिक योगदान को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

स्वाति कौशिक का करियर

स्वाति कौशिक रायपुर, छत्तीसगढ़ की जानी-मानी पत्रकार और संपादक हैं। मीडिया क्षेत्र में उन्हें आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। जनवरी 2025 में उन्होंने Youthwings नाम से एक डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म की शुरुआत की, जहां वे संस्थापक और मुख्य संपादक के रूप में कार्य कर रही हैं। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने दूरदर्शन से ट्रेनी जर्नलिस्ट के रूप में की थी।

इसके बाद स्वाति कौशिक ने Bansal News, Swaraj Express, Prakhar Samachar और Lokmat Media जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न अहम भूमिकाएं निभाईं। पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर उनकी सक्रिय भागीदारी को देखते हुए महासभा ने संगठन के विकास, विस्तार और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से उन्हें यह पद सौंपा है।

अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा में उनकी जिम्मेदारी

महासभा के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि स्वाति कौशिक संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए महिला प्रकोष्ठ को नई दिशा देने का कार्य करेंगी और समाज के हित में अपनी भूमिका का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगी।

इस नियुक्ति पर अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभूषण वर्मा, प्रदेश महासचिव डॉ. जयप्रकाश वर्मा, राष्ट्रीय सचिव अंबिका चंद्रवंशी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (पूर्व राज्य मंत्री) पूनम चंद्राकर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ऊमाकांत वर्मा, मनोज वर्मा सहित संगठन के कई राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने स्वाति कौशिक को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Youthwings