जगदलपुर में CGMSC के SDO की संदिग्ध मौत, कार में मिला शव
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के एक अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (CGMSC) के एसडीओ शोभाराम देवहारी (43) का शव शनिवार सुबह कार के भीतर मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, शोभाराम देवहारी मूल रूप से बालोद जिला के रहने वाले थे और वर्तमान में जगदलपुर के कुशवाहा भवन, माड़िया चौक क्षेत्र में निवास कर रहे थे। शनिवार 14 फरवरी की सुबह उनका शव घर से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम के पास खड़ी कार में मिला।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दी पुलिस को सूचना
सुबह के समय जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तब उनकी नजर सड़क किनारे खड़ी कार पर पड़ी। कार के अंदर ड्राइविंग सीट पर शोभाराम देवहारी बेसुध हालत में पड़े हुए थे। यह देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत बोधघाट पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
कार से शराब की बोतल बरामद, शरीर पर चोट के निशान नहीं
पुलिस की प्रारंभिक जांच में कार के अंदर से शराब की बोतल और चखना बरामद किया गया है। हालांकि, मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। इससे मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत का खुलासा
बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
read more : सुबह शहीदों का स्टेटस, शाम को सेलिब्रेशन –14 फरवरी पर लोगों की दोहरी सोच
