Sushasan Tihar: नक्सल प्रभावित मुलेर गांव पहुंचे CM साय, इमली के पेड़ के नीचे चौपाल, ग्रामीणों की सुनीं बातें, अफसरों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

Sushasan Tihar: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को ‘सुशासन तिहार’ के तहत दंतेवाड़ा जिले के अत्यंत नक्सल प्रभावित मुलेर गांव का दौरा किया। एक समय पर नक्सली गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा यह गांव अब विकास और बदलाव की नई कहानी लिख रहा है।

मुख्यमंत्री ने गांव के बीच एक पुराने इमली के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। खाट पर बैठकर उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज़ में महुआ और आम पत्तों से बने हार और गौर मुकुट पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

बच्चों से मुलाकात, चॉकलेट और मुस्कानें बांटीं

इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, बच्चों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट दी। उन्होंने गांव की राशन दुकान का भी जायज़ा लिया और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की स्थिति का मूल्यांकन किया।

वरिष्ठ अधिकारी रहे साथ, सुरक्षा रही चाक-चौबंद

मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजी अरुण देव गौतम और प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी दौरे में शामिल रहे। नक्सल क्षेत्र होने के कारण गांव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती रही।

संदेश स्पष्ट: विकास अब गांव-गांव तक

मुख्यमंत्री साय का यह दौरा स्पष्ट संकेत देता है कि अब सरकार नक्सल प्रभावित इलाकों में सीधे पहुंचकर विकास और सुशासन का संदेश देना चाहती है। मुलेर गांव में उनकी मौजूदगी ने न केवल प्रशासन को सक्रिय किया, बल्कि ग्रामीणों के भीतर भी भरोसे की एक नई भावना जगाई।

Youthwings