Sukma Naxal News: सुकमा में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ध्वस्त
Sukma Naxal News: छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षाबलों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सुकमा जिले में CRPF और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा संचालित एक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को ध्वस्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मौके पर पहुंची सुरक्षा टीम ने फैक्ट्री को नष्ट किया और वहां से नक्सलियों द्वारा जमा किया गया हथियारों और अन्य सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान 8 राइफल सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार निर्माण में उपयोग होने वाला सामान जब्त किया गया है।
सुरक्षाबलों का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सलियों की गतिविधियों को कमजोर करने की दिशा में एक अहम कदम है। क्षेत्र में आगे भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की है कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का पूर्ण रूप से खात्मा किया जाएगा। इस लक्ष्य के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में राज्य में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं।
इन अभियानों के परिणामस्वरूप कई बड़े नक्सलियों को निष्क्रिय किया गया है, जबकि बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ने का फैसला लिया है। अब तक सैकड़ों नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
