रायपुर साइंस कॉलेज में हंगामा, खराब रिजल्ट से नाराज छात्रों का प्रिंसिपल दफ्तर में प्रदर्शन

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज में शनिवार को खराब परीक्षा परिणाम के विरोध में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रिंसिपल कार्यालय के भीतर नारेबाजी करते हुए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने परीक्षा कॉपियों की पुनः जांच और पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर करने की मांग की। इस दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।

355 छात्रों का परिणाम फेल और एटीकेटी

हाल ही में घोषित सेमेस्टर परीक्षा के नतीजों में दूसरे और पांचवें सेमेस्टर के लगभग 355 छात्रों का परिणाम फेल या एटीकेटी (Allowed to Keep Terms) आया है। अकेले 170 से अधिक छात्र पूरी तरह फेल हुए हैं। नतीजों को लेकर छात्रों का आरोप है कि उन्हें मनमाने तरीके से कम अंक दिए गए हैं और उत्तरपुस्तिकाओं की जांच ठीक से नहीं की गई।

छात्रों का आरोप: कॉपी जांच में लापरवाही

शनिवार सुबह 10 बजे से शुरू हुए विरोध प्रदर्शन में छात्रों ने कहा कि ऑनलाइन रिजल्ट जारी करने वाले पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी है, जिसकी वजह से कई छात्रों को गलत परिणाम दिए गए हैं। छात्रों ने मांग की कि सभी उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जाए और पोर्टल की खामियों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए।

प्रशासन ने दिए समाधान के आश्वासन

हंगामे के बीच साइंस कॉलेज के प्रिंसिपल अमिताभ बैनर्जी ने छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा और तीन दिन के भीतर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। प्रिंसिपल ने यह भी स्वीकार किया कि ऑनलाइन रिजल्ट में तकनीकी गलती संभव है, जिसे जांचकर दुरुस्त किया जाएगा।

परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों का यह विरोध एक बार फिर उच्च शिक्षा में तकनीकी खामियों और मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। अब छात्रों को उम्मीद है कि प्रशासन की ओर से किए गए आश्वासन पर शीघ्र कार्रवाई होगी।

Youthwings