रायपुर में राज्य स्तरीय आवास मेला शुरू: सीएम साय ने 2060 करोड़ की आवासीय परियोजनाओं का किया शुभारंभ
रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेले की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। इस मौके पर उन्होंने छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ रुपये की 55 नई आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ किया। ये परियोजनाएं प्रदेश के 26 जिलों में संचालित होंगी, जिनके माध्यम से 12 हजार से अधिक किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण मकान नागरिकों को उपलब्ध कराए जाएंगे। सीएम ने इस अवसर पर हाउसिंग बोर्ड के एआई चैटबॉट और नए पोर्टल का भी उद्घाटन किया, जिससे उपभोक्ताओं को आवासीय योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त होगी।
किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम – सीएम साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड की मौजूदा टीम बेहतरीन कार्य कर रही है और आम जनता को किफायती घर उपलब्ध कराने के लिए नए-नवाचारों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने हाउसिंग बोर्ड को मजबूत करने के लिए 790 करोड़ रुपये के कर्ज का पूरा भुगतान कर बोर्ड को कर्जमुक्त कर दिया है। इससे बोर्ड भविष्य में और बेहतर रणनीति के साथ काम कर सकेगा।
पीएम हाउसिंग योजनाओं से लाखों को लाभ
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आवास योजनाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले 2 वर्षों में छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 26 लाख आवासों को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 32 हजार आवास, जबकि बस्तर में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए 15 हजार आवासों को मंजूरी दी गई।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की सराहना
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हाउसिंग बोर्ड की टीम की कार्यशैली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आवास मेले की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मेला शुरू होते ही सड़कों पर भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
हाउसिंग बोर्ड ने एक वर्ष में किया 672 करोड़ का बिजनेस – ओपी चौधरी
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री साय की पहल के कारण हाउसिंग बोर्ड 790 करोड़ के कर्ज से मुक्त हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले एक वर्ष में हाउसिंग बोर्ड ने 672 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया है।
सरकार ने लैंड डायवर्सन और फ्रीहोल्ड में रियायतें देकर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत प्रदान की है।
सभी जिलों में होंगे घर निर्माण – हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष
हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में बोर्ड प्रदेश के हर जिले में आवासीय परियोजनाएँ शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि अगले चरण में सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी नई परियोजनाएँ लॉन्च की जाएंगी।
25 नवंबर तक चलेगा राज्य स्तरीय आवास मेला
बीटीआई ग्राउंड में आयोजित यह मेला 25 नवंबर तक चलेगा। पहले ही दिन मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहाँ उन्होंने विभिन्न आवासीय परियोजनाओं की जानकारी ली और घर बुकिंग में रुचि दिखाई। मेले के दौरान शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट से खम्हारडीह तक के मार्ग पर भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई।
