स्पंज आयरन फैक्ट्री में ब्लास्ट : 6 मजदूरों की मौत, कई गंभीर रूप से घायल
स्पंज आयरन फैक्ट्री में ब्लास्ट
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के निपानिया क्षेत्र में स्थित रियल इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री में गुरुवार सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
डीएससी कोल कीलन में हुआ अचानक ब्लास्ट
यह हादसा सुबह करीब 9:30 से 9:40 बजे के बीच थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में हुआ। जानकारी के अनुसार, डीएससी कोल कीलन में अचानक ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के समय कीलन के आसपास प्लेटफार्म पर सफाई कार्य कर रहे 6 श्रमिकों पर गर्म कोयला गिरा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
शव भाटापारा मरचुरी भेजे गए
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। मृतकों के शवों को भाटापारा मरचुरी भेज दिया गया है। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।
ब्लास्ट के कारणों की जांच जारी
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। ब्लास्ट के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
read more : मनरेगा बचाओ अभियान के तहत पथरिया ब्लॉक में कांग्रेस का जोरदार विरोध प्रदर्शन
