छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र 18 नवंबर को: पुराने भवन में आखिरी बार गूंजेगी कार्यवाही

छत्तीसगढ़ विधानसभा

छत्तीसगढ़ विधानसभा

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा का एक दिवसीय सत्र 18 नवंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा। यह विशेष सत्र राज्य की 25 वर्षों की संसदीय यात्रा को समर्पित होगा। इस दौरान सभी विधायक अब तक की यात्रा, अनुभव और उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे।

विधानसभा का यह सत्र वर्तमान भवन में अंतिम बार होगा। इसके बाद षष्टम विधानसभा का समापन इसी सत्र के साथ किया जाएगा। आगामी शीतकालीन सत्र नए विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा, जिससे विधानसभा के इतिहास का एक नया अध्याय शुरू होगा।

रजत जयंती वर्ष में मिला नया विधानसभा भवन

बीते 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की जनता को विधानसभा का नया भवन समर्पित किया। वर्ष 2000 में राज्य गठन के समय रायपुर के राजकुमार कॉलेज से शुरू हुई विधानसभा अब अपने 25वें वर्ष में पहुंचकर एक स्थायी, भव्य और आधुनिक भवन पा चुकी है।

यह भवन न केवल प्रशासनिक दृष्टि से अत्याधुनिक है, बल्कि यह राज्य की संस्कृति, परंपरा और पहचान को भी दर्शाता है। इसकी वास्तुकला में छत्तीसगढ़ की लोककला और स्थापत्य शैली का सुंदर मिश्रण देखने को मिलता है।

भविष्य की जरूरतों के अनुरूप ‘स्मार्ट विधानसभा’

नए विधानसभा भवन को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है। यह भवन पूरी तरह से सर्वसुविधायुक्त और तकनीकी रूप से सक्षम है। इसमें सदन को 200 सदस्यों तक विस्तारित करने की सुविधा उपलब्ध है।

इसके अलावा, विधानसभा कार्यवाही को पेपरलेस और डिजिटल बनाने के लिए नवीन तकनीकी उपकरण लगाए गए हैं। इससे यह भवन ‘स्मार्ट विधानसभा’ के रूप में विकसित होगा, जो समय के साथ राज्य की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और सशक्त बनाएगा।

Youthwings