दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को 150 रन से रौंद विश्‍व कप से किया बाहर, सेमीफाइनल में बनाई जगह

कप्तान लॉरा वोलवार्ट की अगुआई में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद गेंदबाजों ने भी कमाल दिखाया, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने वर्षा से प्रभावित महिला वर्ल्ड कप मैच में पाकिस्तान को मंगलवार को डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत 150 रन से हराकर अंक तालिका के शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप में पहली बार लगातार पांच मैच जीते।

टॉप पर पहुंची अफ्रीकी टीम
इस जीत से दक्षिण अफ्रीका के 6 मैचों में 5 जीत के साथ 10 अंक हो गए हैं और टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर है। वहीं, टूर्नामेंट में पहली जीत की तलाश कर रहा पाकिस्तान 2 अंक के साथ अंतिम स्थान पर बना हुआ है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है, जबकि पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है।

ओपनिंग बल्लेबाज लॉरा वोलवार्ट ने 82 गेंदों में 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 90 रन की धुआंधार पारी खेली। उन्होंने सुने लूस (61 रन, 59 गेंद, 8 चौके, 2 छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए 118 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिसने टीम को 40 ओवर में 9 विकेट पर 312 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अनुभवी मारिजेन कैप (नाबाद 68, 43 गेंद, 6 चौके, 3 छक्के) और नेदिन डि क्लर्क (41 रन, 16 गेंद, 3 चौके, 4 छक्के) ने अंतिम ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी कर स्कोर को 300 के पार ले जाने में अहम भूमिका निभाई।

पाकिस्तान को लगातार मिल रही हार
पाकिस्तान की ओर से नाशरा संधू ने 45 रन देकर जबकि सादिया इकबाल ने 63 रन लुटाकर तीन विकेट हासिल किए। बारिश के कई बार खलल डालने के बाद पाकिस्तान को 20 ओवर में 234 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और अंतत: 7 विकेट पर सिर्फ 83 रन ही बना सकी।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से मारिजेन कैप ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 20 रन देकर तीन विकेट झटके। उन्होंने सलामी बल्लेबाज ओमैमा सोहेल (06), सिदरा अमीन (13) और आलिया रियाज (03) को पवेलियन भेजा। नोनदुसिमो शेनगेस ने 19 रन देकर दो विकेट लिए और नतालिया परवेज (20) तथा पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना (02) को आउट कर जीत पक्की की। पाकिस्तान की ओर से सिर्फ नतालिया परवेज और सिदरा नवाज (नाबाद 22) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर सकीं।

इससे पहले, बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे ओवर में ही ताजमिन ब्रिट्स (00) का विकेट गंवाया, जिन्हें फातिमा सना की गेंद पर नतालिया परवेज ने कैच किया। इसके बाद लॉरा और लूस ने पारी संभाली, दोनों ने अर्धशतक जड़े और स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। लूस के आउट होने के बाद वोलवार्ट ने कैप के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। लॉरा ने विकेट के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा ने 8 ओवर में 69 रन लुटाए, जिन पर 8 चौके और 3 छक्के पड़े।

अंतिम ओवरों में डि क्लर्क ने फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई। उन्होंने सादिया पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का और फातिमा पर दो छक्के जड़े। कैप ने भी सादिया पर छक्का मारा और फातिमा की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया।

Youthwings