स्मार्ट मीटर या लूट मीटर? 90-100 रुपए का बिल अब आने लगा 2500 तक, लोगों की नींद उड़ी

स्मार्ट मीटर या लूट मीटर?

स्मार्ट मीटर या लूट मीटर?

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही— जिले के कोटमी कला क्षेत्र में पुराने मीटरों को हटाकर लगाए गए स्मार्ट मीटर अब उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बनते जा रहे हैं। कई घरों में बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़ जाने से लोग परेशान हैं। जिन उपभोक्ताओं का बिल पहले हर महीने 90 से 100 रुपये के आसपास आता था, अब वही बिल 2000 से 2500 रुपये तक पहुंच गया है।

स्मार्ट मीटर बदला, बिल चौंकाने वाला आया

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से पुराने मीटर को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कई उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर अपना बिल दिखाया और शिकायत दर्ज कराई।

यूनिट छूट में भी कटौती, बिल चुकाने का दबाव

बिजली बिल में मिलने वाली यूनिट छूट भी अब 400 से घटाकर 100 यूनिट कर दी गई है, जिससे बिल और भी बढ़ गया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि अगर समय पर बिल जमा नहीं किया गया, तो बिजली काट दी जाएगी और जमा करने पर बजट पूरी तरह बिगड़ जाएगा।

बिजली विभाग ने माना कुछ मामलों में रीडिंग में गलती

कई उपभोक्ताओं ने पेंड्रा बिजली कार्यालय पहुंचकर जूनियर इंजीनियर मीना कंवर से मुलाकात की और अपनी समस्याएं बताईं। रिकॉर्ड खंगालने पर कुछ मामलों में रीडिंग की त्रुटि पाई गई, जबकि कुछ केसों की जांच जारी है।

धरने की चेतावनी, सरकारी कर्मचारी भी नाराज़

सिर्फ आम नागरिक ही नहीं, बल्कि शिक्षक और पुलिस विभाग के कर्मचारी भी इस समस्या से जूझ रहे हैं। सभी अपने बिल लेकर बिजली कार्यालय पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे स्मार्ट मीटर को हटाकर धरना प्रदर्शन करेंगे।

Youthwings