सुकमा IED ब्लास्ट: शहीद ASP आकाश राव गिरपुंजे को अंतिम विदाई, सरकार ने कहा – लाल आतंक के अंत तक लड़ते रहेंगे

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में शहीद हुए एडिशनल एसपी आकाश राव गिरपुंजे को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनका अंतिम संस्कार रायपुर के महादेव घाट में किया गया। इस दौरान गृह मंत्री विजय शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शहीद आकाश राव की शहादत ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।

लाल आतंक के अंत तक जंग का संकल्प लेकर छोड़ा था ट्रांसफर का मौका

आकाश राव गिरपुंजे 2013 बैच के छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अधिकारी थे। उनकी पहली नियुक्ति डीएसपी के पद पर हुई थी। वर्ष 2024 में उन्हें सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र में एएसपी के रूप में पदस्थ किया गया। जब उनका ट्रांसफर आदेश आया तो उन्होंने खुद अपने स्थानांतरण को ठुकरा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि, “मैं अभी लाल आतंक के अंत तक इस मोर्चे पर डटा रहना चाहता हूं।” यही संकल्प उन्हें अंतिम क्षण तक कर्तव्य पथ पर मजबूती से टिकाए रखा।

“बहुत ही वीर अधिकारी थे आकाश राव” – गृह मंत्री

गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, “आकाश राव गिरपुंजे बहुत ही वीर और समर्पित अधिकारी थे। उन्हें पूर्व में भी उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया है। वो हमेशा किसी भी सूचना पर खुद एक्शन लेने आगे रहते थे। उन्होंने नक्सल विरोधी अभियान को अंतिम चरण तक पहुंचाने के लिए खुद अपने ट्रांसफर को खारिज कर दिया था। सरकार और पूरा विभाग उनके परिवार के साथ खड़ा है।”

शांतिवार्ता की अपील के बाद नक्सलियों की कायराना हरकत

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से शांतिवार्ता की पहल की गई थी, लेकिन नक्सलियों ने इसकी आड़ में कायराना हरकत को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि IED डिटेक्शन को लेकर सरकार लगातार तकनीकी सुधार और सावधानी की दिशा में काम कर रही है, लेकिन मैन्युअल अनुभव ही अभी भी सबसे बड़ा हथियार है।

जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी

गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, “आकाश राव जैसे वीर अफसरों की शहादत को जवान कभी नहीं भूलेंगे। जवानों की भुजाओं की ताकत से बस्तर को लाल आतंक से मुक्त कराया जाएगा। सरकार का स्पष्ट एजेंडा है कि नक्सली मुख्य धारा में लौटें। आज ज्यादा नक्सली सरेंडर कर रहे हैं, कम गिरफ्तार हो रहे हैं। सरकार उनसे किए हर वादे को निभा रही है।”

भारत बंद के आह्वान को बताया फेल

नक्सलियों द्वारा भारत बंद के आह्वान पर गृहमंत्री ने कहा कि “अब वो दिन नहीं रहे जब नक्सली बंद करवा पाते थे। आज उनके आह्वान पर एक मोहल्ला भी बंद नहीं होता। जनता अब उनके झांसे में नहीं आ रही। यह 2025 है, और अब छत्तीसगढ़ के लोग विकास की मुख्यधारा के साथ हैं, न कि आतंक के साथ।”

Youthwings