छत्तीसगढ़ में आज से SIR प्रक्रिया शुरू, हर वोटर की तीन बार होगी जांच

SIR process

SIR process

रायपुर: 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत छत्तीसगढ़ में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इस अभियान के तहत राज्यभर में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जाएगा। चुनाव आयोग का उद्देश्य है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे और फर्जी या मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने बताया कि बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) प्रत्येक घर में कम से कम तीन बार जाएंगे ताकि सभी वोटरों का पूरा सत्यापन हो सके। इस प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को फॉर्म 6, 7, 8 और 8A दिए जाएंगे और सही जानकारी एकत्र की जाएगी।

गलत जानकारी देने पर सख्त कार्रवाई

आयोग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति गलत जानकारी देगा तो उसके खिलाफ एक साल की सजा और जुर्माने का प्रावधान लागू होगा।
यशवंत कुमार के अनुसार, इस प्रक्रिया में 95% मतदाताओं को किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि उनका डेटा पहले से उपलब्ध है।

मौजूदा वोटर लिस्ट फ्रीज, अब बदलाव सिर्फ SIR में

राज्य की वर्तमान मतदाता सूची को सोमवार रात 12 बजे से फ्रीज कर दिया गया है। अब नए नाम जोड़ने या सुधार की प्रक्रिया केवल SIR के दौरान ही होगी। पहचान के लिए 13 वैध दस्तावेजों को मान्यता दी गई है।

पारदर्शिता पर फोकस

चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को निर्देश दिया है कि वे अपने Booth Level Agents (BLA) नियुक्त करें ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। आयोग का कहना है कि यह कदम उन गड़बड़ियों को रोकने के लिए है जो पिछली मतदाता सूचियों में सामने आई थीं।

तय शेड्यूल

प्रशिक्षण व मुद्रण चरण: 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025

घर-घर गणना (Enumeration): 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025

मसौदा सूची जारी: 9 दिसंबर 2025

दावे-आपत्तियां: 8 जनवरी 2026 तक

अंतिम मतदाता सूची: 7 फरवरी 2026

छत्तीसगढ़ में 2.11 करोड़ से अधिक मतदाता

वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 2 करोड़ 11 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने 12 राज्यों में SIR प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी, जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। आयोग का लक्ष्य है कि 2028 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और डिजिटल रूप से अपडेट की जा सके।

 

Youthwings