छत्तीसगढ़ में SIR अभियान: 4 नवंबर से BLO करेंगे घर-घर सर्वे, 7 फरवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) शुरू किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार मंगलवार को शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और राज्यभर में पुनरीक्षण की प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत करेंगे।
SIR के तहत घर-घर जाकर होगा सत्यापन
विशेष इंटेंसिव रिवीजन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होकर 3 नवंबर तक प्रिंटिंग और ट्रेनिंग के कार्यों के साथ चलेगी। इसके बाद 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक BLO (Booth Level Officer) मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन के लिए घर-घर जाकर न्यूमेशन फॉर्म एकत्रित करेंगे।
BLO मतदाताओं से सीधे फॉर्म लेकर उनकी जानकारी का सत्यापन करेंगे। वहीं, 9 दिसंबर से 8 जनवरी तक आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चलेगी, जिसमें नागरिक अपने नाम जोड़ने, हटाने या सुधार से जुड़ी जानकारी दे सकेंगे।
7 फरवरी को होगी मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 फरवरी को किया जाएगा। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार मतदाता पंजीकृत हैं। राज्य में 24,371 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां से मतदान की प्रक्रिया संचालित होती है। इसके अलावा, प्रदेशभर में 38,338 राजनीतिक दलों के एजेंट और 33 जिलों में कुल 467 ERO/AERO अधिकारी नियुक्त किए गए हैं जो इस पुनरीक्षण कार्य की निगरानी करेंगे।
