‘मुंढे जी! अब तो कॉकरोच घर पर आ रहे हैं’, ऑनलाइन ऑर्डर में निकला कॉकरोच तो भड़कीं Shweta Tiwari
Shweta Tiwari ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे से मामले में कार्रवाई की अपील की
Shweta Tiwari ने ड्रिंक ऑर्डर किया था, लेकिन घर पहुंचा ऐसा ‘बिन बुलाया मेहमान’ कि अभिनेत्री को सीधे FDA कमिश्नर से गुहार लगानी पड़ी। सोशल मीडिया पर शेयर वीडियो में सोफे पर घूमता कॉकरोच साफ नजर आया। आखिर श्वेता ने तुकाराम मुंढे से क्या कहा और क्यों उठे ऑनलाइन डिलीवरी की गुणवत्ता पर सवाल? पढ़ें पूरी खबर।
Shweta Tiwari News: टीवी और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री श्वेता तिवारी को ऑनलाइन ग्रॉसरी शॉपिंग के दौरान ऐसा अनुभव हुआ, जिसने उन्हें हैरान कर दिया। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने क्विक-कॉमर्स डिलीवरी प्लेटफॉर्म से एक ड्रिंक ऑर्डर किया था, लेकिन सामान के साथ एक जिंदा कॉकरोच भी उनके घर पहुंच गया।
इस घटना से नाराज श्वेता ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंढे से मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की अपील की।
सोफे और फर्नीचर पर घूमता दिखा कॉकरोच
Shweta Tiwari ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक छोटा कॉकरोच उनके घर के सोफे और फर्नीचर पर घूमता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो के जरिए उन्होंने अपने इस अजीबोगरीब अनुभव को फैंस के साथ साझा किया।
Shweta Tiwari ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने तो सिर्फ ड्रिंक मंगवाया था, लेकिन इसके साथ एक ऐसा ‘बिन बुलाया मेहमान’ भी आ गया, जो अब घर में घूम रहा है।
वीडियो में उनके साथ मौजूद लोग कॉकरोच को हटाने की कोशिश करते नजर आते हैं। हालांकि, श्वेता ने उसे मारने से रोक दिया। घटना को उन्होंने और उनके दोस्तों ने हल्के-फुल्के अंदाज में लिया, लेकिन इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा और डिलीवरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल भी खड़े किए।
तुकाराम मुंढे से की कार्रवाई की अपील
वीडियो के आखिर में श्वेता तिवारी ने FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे को टैग करते हुए इस मामले पर ध्यान देने की अपील की। अभिनेत्री ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल उठाया कि अगर ऑनलाइन डिलीवरी के जरिए खाने-पीने की चीजों के साथ कीड़े-मकौड़े घर तक पहुंचने लगें तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
Shweta Tiwari के स्टाइलिस्ट विक्टर रोबिन्सन ने भी उनके साथ फोटो शेयर कर इस घटना पर अपना विरोध जताया।
तुकाराम मुंढे क्यों हैं चर्चा में?
FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे इन दिनों महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर चल रही कार्रवाई के कारण चर्चा में हैं। खाद्य प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट और क्विक-कॉमर्स से जुड़े गोदामों में नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई के चलते सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर काफी चर्चा देखने को मिल रही है।
इसी वजह से श्वेता तिवारी का सीधे FDA कमिश्नर से शिकायत करना भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

श्वेता तिवारी के आने वाले प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्वेता तिवारी इन दिनों रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स इंडिया’ के दूसरे सीजन में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री इससे पहले ‘सिंघम अगेन’ और वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ में भी दिखाई दे चुकी हैं।
आने वाले समय में वह सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया और सुनील ग्रोवर जैसे कलाकारों के साथ थ्रिलर फिल्म ‘वन – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में नजर आने वाली हैं।
