श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2025: मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सीएम योगी करेंगे विशेष पूजा और योजनाओं का उद्घाटन

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2025

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2025

मथुरा | श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2025 के शुभ अवसर पर धार्मिक नगरी मथुरा में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर ले जाया गया है। पूरे शहर को चार जोन और 18 सेक्टरों में बांटते हुए 5000 से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को तैनात किया गया है। यह पूरी व्यवस्था यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई है, जिससे मथुरा का माहौल किसी सैन्य छावनी जैसा नजर आ रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भक्ति यात्रा और विकास योजनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मथुरा पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान में पूजा-अर्चना करेंगे। वे परिसर में एक पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देंगे। इसके बाद वे पांचजन्य सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां मथुरा के लिए कई नई योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वे संत समाज का सम्मान करेंगे और गोवर्धन पर्वत पर आधारित एक वृत्तचित्र भी देखेंगे।

भारी वाहनों पर रोक, तीर्थ स्थलों पर सख्त निगरानी

मथुरा के साथ-साथ वृंदावन और अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों पर भी सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। तीन दिवसीय श्रीकृष्णोत्सव के चलते सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है। वहीं, श्रीकृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर पदयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दुपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित कर दी गई है।

प्रवेश-निकास के नए नियम, अवरोधक और सख्ती

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है, और पुलिस व पीएसी के जवान तैनात हैं। अब श्रद्धालु उत्तरी द्वार (गोविंद नगर वाला) से प्रवेश करेंगे और मुख्य द्वार से निकासी की व्यवस्था की गई है।

मंदिर में इन वस्तुओं का प्रवेश वर्जित

जन्मस्थान परिसर में कड़ी निगरानी के तहत श्रद्धालुओं को मोबाइल फोन, की-रिंग, घड़ी, जूते-चप्पल, बैग, बीड़ी, माचिस, लाइटर और छाता जैसी वस्तुएं अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। ये कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए हैं।

श्रद्धालुओं के लिए डिजिटल सुविधा – ब्रजधाम वेबसाइट

मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने ‘ब्रजधाम डॉट को डॉट इन’ नामक एक वेबसाइट लॉन्च की है। इस पोर्टल के जरिए श्रद्धालुओं को मंदिरों, मार्गों, यातायात प्रतिबंधों और अन्य जरूरी जानकारियों की ऑनलाइन सुविधा मिलेगी, जिससे वे अपना मार्ग आसानी से निर्धारित कर सकें।

लोक कला से सजी शोभायात्रा से हुई श्रीकृष्णोत्सव की शुरुआत

कृष्णोत्सव 2025 की भव्य शुरुआत श्रीकृष्ण जन्मस्थान से निकली शोभायात्रा के साथ हुई। इस यात्रा में 300 से अधिक लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा और कलाओं का अद्भुत प्रदर्शन किया। यह शोभायात्रा डीग गेट, रूपम सिनेमा तिराहा, गोविंद नगर थाना, महाविद्या कॉलोनी होते हुए पोतरा कुण्ड पहुंची और अंत में मुख्य द्वार पर संपन्न हुई।

Youthwings