श्री रायपुर सीमेंट प्लांट में लॉकडाउन, 1300 श्रमिकों की हड़ताल से उत्पादन ठप
श्री रायपुर सीमेंट प्लांट
बलौदा बाजार : जिले में स्थित श्री रायपुर सीमेंट प्लांट में श्रमिक आंदोलन के चलते प्रबंधन ने अगले आदेश तक लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। यह फैसला संयंत्र में कार्यरत करीब 1300 श्रमिकों की लगातार जारी हड़ताल के बाद लिया गया है, जिससे प्लांट का सामान्य संचालन पूरी तरह ठप हो गया था।
प्रबंधन के अनुसार, हड़ताल के कारण संयंत्र में मानव संसाधन की भारी कमी हो गई है। साथ ही, सीमेंट निर्माण के लिए जरूरी चूना पत्थर का परिवहन भी बाधित हो गया, जिससे उत्पादन प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हुई। इन परिस्थितियों में प्लांट का संचालन बनाए रखना संभव नहीं रह गया था।
श्री सीमेंट प्रबंधन ने बताया कि विवाद सुलझाने के लिए कई दौर की बातचीत की गई और कानूनी सुलह प्रक्रिया के तहत भी प्रयास हुए। मजदूर यूनियन के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ठोस समाधान पर सहमति नहीं बन सकी। प्रबंधन का कहना है कि मौजूदा हालात में समाधान की कोई संभावना नहीं दिखने पर यह कठोर निर्णय लेना पड़ा।
‘नो वर्क, नो पे’ रहेगा लागू
प्रबंधन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आज से संयंत्र अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगा और इस अवधि में कर्मचारियों पर ‘नो वर्क, नो पे’ का नियम लागू होगा।
यूनियन ने लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर, कर्मचारी यूनियन ने लॉकडाउन को नियमों के विरुद्ध बताया है। यूनियन का आरोप है कि लॉकआउट की घोषणा के बाद एक कर्मचारी नेता को कथित रूप से भ्रमित कर फैक्ट्री परिषद लाया गया और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोप यह भी लगाया गया है कि कर्मचारी नेता को विभिन्न थानों में घुमाया गया और अनुसूचित जनजाति थाने में रखकर प्रताड़ित किया गया।
15 दिनों से जारी है हड़ताल
गौरतलब है कि संयंत्र के 1300 से अधिक श्रमिक पिछले पखवाड़े भर से सात सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। श्रमिक संगठनों का दावा है कि इस तरह का लॉकआउट छत्तीसगढ़ में संभवतः पहली बार देखने को मिला है, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में हलचल मच गई है।
READ MORE : SIR को लेकर छत्तीसगढ़ चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस, 27.34 लाख फॉर्म रह गए अनकलेक्टेड…
