धमतरी में हैरान करने वाली घटना: स्कूल के 35 बच्चों ने काटी कलाई, ABVP ने दी आंदोलन की चेतावनी
35 छात्रों ने काटी अपनी कलाई
धमतरी जिले से एक बेहद चिंताजनक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुरूद ब्लॉक के ग्राम दहदहा स्थित शासकीय माध्यमिक स्कूल में अलग-अलग कक्षाओं के करीब 35 विद्यार्थियों द्वारा अपनी कलाई काटने की घटना उजागर हुई है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
20 दिन पुरानी घटना, पंचायत तक पहुंचा मामला
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब 20 दिन पुरानी है। जब बच्चों के अभिभावकों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने इस मुद्दे को पंचायत में उठाया। इसके बाद प्रशासन की टीम ने स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत की थी। प्रारंभिक तौर पर पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन का मानना है कि बच्चों ने एक-दूसरे को देखकर यह कदम उठाया, हालांकि पूरे मामले की जांच अभी जारी है।
ABVP ने जताई नाराजगी, जांच कमेटी की मांग
इस गंभीर मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कड़ा विरोध जताया है। बुधवार को परिषद के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर सहायक संचालक आर.एन. मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ABVP ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए विशेष कमेटी गठित करने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्र शामिल
ABVP के जिला संयोजक हितेश घृतलहरे ने बताया कि कुरूद ब्लॉक के ग्राम दहदहा के शासकीय माध्यमिक स्कूल में कक्षा छठवीं से आठवीं तक के लगभग 35 छात्र-छात्राएं इस घटना में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ कलाई काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दर्शाता है कि स्कूल में विद्यार्थियों की मानसिक और भावनात्मक सुरक्षा गंभीर खतरे में है।
प्रशासनिक लापरवाही और बच्चों की मानसिक स्थिति पर सवाल
ABVP का कहना है कि यह घटना न केवल प्रशासन और स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति को लेकर भी गहरी चिंता पैदा करती है। परिषद की मांग है कि जांच के बाद दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान छात्रावास प्रभारी प्रमोद भारती और ABVP कार्यकर्ता दुर्गेश नेताम भी उपस्थित रहे।
