शाम्भवी चौधरी VIRAL VIDEO : दोनों हाथों पर स्याही का निशान, विपक्ष ने लगाए दो बार वोट डालने के आरोप
पटना: लोकजन शक्ति पार्टी (राम विलास) की समस्तीपुर से सांसद और पूर्व JDU नेता अशोक चौधरी की बेटी शाम्भवी चौधरी एक वायरल वीडियो के कारण विवादों के केंद्र में आ गई हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर दोनों हाथों की उंगलियों पर स्याही के निशान दिखाती नजर आ रही हैं। विपक्षी दलों कांग्रेस और RJD ने इस पर दो बार वोट डालने का गंभीर आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से जांच की मांग की है। हालांकि, एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि स्याही गलती से लग गई थी और शाम्भवी ने केवल एक बार ही वोट किया है।
वोटिंग के दौरान क्या हुआ?
6 नवंबर को बिहार में पहले चरण की वोटिंग के दौरान शाम्भवी चौधरी अपने माता-पिता अशोक चौधरी (पूर्व JDU नेता) और नीता चौधरी के साथ मतदान केंद्र पहुंची थीं। वोटिंग पूरी करने के बाद मतदान केंद्र के बाहर ली गई फोटोज और वीडियो में 27 वर्षीय शाम्भवी परिवार के साथ कैमरों के सामने पोज देती दिखाई दे रही हैं। क्लिप में वह पहले दाहिने हाथ की उंगली पर स्याही का निशान दिखाती हैं, फिर तुरंत बाएं हाथ को उठाकर उस पर भी स्याही दिखाती हैं। यह पल वीडियो में कैद हो गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह तेजी से फैल गया।
RJD का तीखा प्रहार
वीडियो वायरल होते ही RJD की राष्ट्रीय प्रवक्ता कंचना यादव ने X (पूर्व ट्विटर) पर इसे शेयर करते हुए लिखा, “यह तो एक अलग ही स्तर का फ्रॉड चल रहा है। ये हैं LJP सांसद शांभवी चौधरी। दोनों हाथों पर स्याही लगी हुई है। मतलब इन्होंने 2 बार वोट किया। जब यह बात सामने आ गई, तो इनके पिता अशोक चौधरी इन्हें आंखों के इशारे से संकेत कर रहे हैं। चुनाव आयोग, यह सब कैसे हो रहा है? इसकी जांच कौन करेगा?” RJD ने इस मुद्दे को उठाकर सत्ताधारी NDA पर वोट चोरी का सीधा आरोप लगाया।
कांग्रेस की व्यंग्यात्मक टिप्पणी
विपक्ष के एक अन्य प्रमुख दल कांग्रेस ने भी इस मौके को गंवाना उचित नहीं समझा। पार्टी के आधिकारिक X हैंडल से तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा गया, “गजब खेला है।” कांग्रेस ने भाजपा और उसके सहयोगियों पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए।
सोशल मीडिया पर यूजर्स का रिएक्शन
इस विवाद पर विपक्षी दलों के अलावा सोशल मीडिया यूजर्स ने भी जमकर निशाना साधा। कई यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स किए, तो कुछ ने गंभीर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, “यह भाव ही सब कुछ कह देता है। ऐसा लगता है कि किसी ने गलती से कैमरे पर कुछ ज्यादा ही खुलासा कर दिया।” दूसरे ने टिप्पणी की, “भारत में चुनाव प्रक्रिया एक मजाक है… इसका एकमात्र कारण जोकर चुनाव आयोग है।” कुछ ने तो निर्वाचन आयोग को टैग करते हुए कहा, “वाह @ECISVEEP! आपकी पारदर्शिता, प्रभावशीलता और मिलनसारिता वाकई काबिले तारीफ है। दक्षिण अफ्रीकी चुनाव प्रमुख यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आप इतने उल्लेखनीय नतीजे कैसे हासिल करते हैं।” इस तरह के कमेंट्स से मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
शाम्भवी चौधरी कौन हैं?
शाम्भवी चौधरी 27 वर्षीय युवा नेता हैं, जो लोकजन शक्ति पार्टी (राम विलास) से समस्तीपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। वह पूर्व JDU नेता और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री अशोक चौधरी की बेटी हैं। राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली शाम्भवी युवा ब्रिगेड का चेहरा मानी जाती हैं। इस विवाद ने उनकी छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि LJP ने इसे महज एक गलती बताकर खारिज किया है।
