सपना चौधरी के कार्यक्रम में बवाल, मारपीट, हंगामा और सुरक्षा पर सवाल

Sapna Choudhary's event

Sapna Choudhary's event

कोरबा। हरियाणा की मशहूर डांसर और सिंगर सपना चौधरी के कार्यक्रम के दौरान देर रात बड़ा हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि कोरबा के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में अचानक बाउंसरों और आयोजकों के बीच मारपीट हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि तीन घंटे तक चलने वाला शो महज आधे घंटे में बंद करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान सपना चौधरी के साथ भी बदसलूकी और बेइज्जती की गई। बवाल बढ़ने के बाद सपना ने कोरबा एसपी से फोन पर बातचीत कर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल नहीं थी और कलाकारों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए थे।

बाउंसरों और आयोजकों के बीच हाथापाई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही शो शुरू हुआ, कुछ ही देर बाद मंच के पास आयोजकों और बाउंसरों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि होटल में अफरा-तफरी मच गई। कहा जा रहा है कि आयोजक सुरक्षा कर्मचारियों के रवैये से नाराज़ थे, जबकि बाउंसरों का आरोप था कि आयोजक अनुशासन तोड़ रहे थे। बताया जा रहा है कि हंगामे के बाद आयोजकों ने होटल में लगे कैमरे और DVR (रिकॉर्डिंग सिस्टम) को गायब कर दिया, ताकि झगड़े की फुटेज सामने न आए। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मंत्री लखन देवांगन भी शामिल होने वाले थे

जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मंत्री लखन देवांगन को भी शामिल होना था। हालांकि, कार्यक्रम में मचे बवाल के चलते वे समय पर नहीं पहुंच सके। अब इस पूरे मामले को लेकर आयोजन समिति और प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।

Youthwings