हेडमास्टर की शर्मनाक हरकत: बच्चों के सामने कपड़े उतारे, पेशाब किया, शिकायत के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित डोंगाकोहरौद शासकीय प्राथमिक विद्यालय से एक गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय के प्रधानपाठक भुवनेश्वर कौशिक पर ड्यूटी के दौरान कथित रूप से अशोभनीय हरकत करने और बच्चों के सामने अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगा है। आरोप है कि स्कूल के समय हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक ने क्लासरूम में बच्चों के सामने पैंट उतारकर पेशाब किया। घटना से सहमे छात्र-छात्राओं ने घर पहुंचकर पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
बच्चों की जानकारी के बाद स्कूल पहुंचे अभिभावक
परिजनों के अनुसार, बच्चों ने स्कूल में हुई घटना की जानकारी घर पहुंचकर दी। इसके बाद अभिभावक तत्काल विद्यालय पहुंचे। आरोप है कि वहां प्रधानपाठक कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में मिले। अभिभावकों ने मौके का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चों और उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी प्रधानपाठक के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
READ MORE : ‘Cockroach Janta Party’ से क्यों डरी पाकिस्तान की सत्ता? गृहमंत्री ने खुद दी चेतावनी
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर आगे की विभागीय कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
ग्रामीणों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान होना चाहिए और ऐसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।
