लखनऊ जेल से जज को जान से मारने की धमकी, 3700 करोड़ के साइबर फ्रॉड आरोपी अनुभव मित्तल की साजिश का पर्दाफाश
लखनऊ जेल से सामने आई एक सनसनीखेज साजिश ने पुलिस और प्रशासन को हिला दिया है। 3700 करोड़ रुपए के साइबर फ्रॉड का आरोपी अनुभव मित्तल ने जेल के अंदर से इलाहाबाद हाई कोर्ट के एक जज को जान से मारने की धमकी वाला ईमेल भेजा।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह ईमेल एक पुलिस कांस्टेबल अजय कुमार के फोन से भेजा गया था। 4 नवंबर को कोर्ट में पेशी के दौरान अनुभव ने केस स्टेटस देखने के बहाने कांस्टेबल से फोन लिया और उसी समय फर्जी ईमेल आईडी बनाकर धमकी भरा मेल शेड्यूल कर दिया। अगली सुबह, यानी 5 नवंबर को यह मेल अपने आप भेजा गया।
धमकी भरा मेल देखकर जज और अदालत प्रशासन स्तब्ध रह गए। जांच में पता चला कि अनुभव का असली मकसद जज को डराना नहीं, बल्कि अपने साथी कैदी आनंदेश्वर अग्रहरि को फंसाना था, जिससे उसकी पुरानी दुश्मनी थी।
पुलिस के अनुसार, अनुभव मित्तल ने 2017 में फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग स्कीम के जरिए करीब 7 लाख निवेशकों से 3700 करोड़ रुपये की ठगी की थी। उसके खिलाफ 324 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, और उसकी पत्नी आयुषी व पिता सुनील मित्तल भी न्यायिक हिरासत में हैं।
कांस्टेबल अजय कुमार ने पूछताछ में बताया कि उसे बिल्कुल अंदाज़ा नहीं था कि अनुभव उसके फोन का दुरुपयोग करेगा। फिलहाल, लखनऊ पुलिस यह जांच कर रही है कि जेल के अंदर से आरोपी को मोबाइल और इंटरनेट एक्सेस कैसे मिला और क्या इसमें अन्य जेलकर्मियों की मिलीभगत थी।
