Satnami Samaj Protest: बिलासपुर कोर्ट में बवाल, कथावाचक आशुतोष चैतन्य की पेशी पर सतनामी समाज–हिंदू संगठन आमने-सामने, पुलिस से धक्का-मुक्की
Satnami Samaj Protest: बिलासपुर में कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज की गिरफ्तारी के बाद आज जिला कोर्ट परिसर में भारी हंगामा हो गया। सतनामी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में गिरफ्तार किए गए कथावाचक को जब पुलिस कोर्ट पेशी के लिए लेकर पहुंची, तो मौके पर मौजूद दोनों पक्षों के समर्थक आपस में भिड़ पड़े।
जैसे ही पुलिस आशुतोष चैतन्य को कोर्ट लेकर पहुंची, वहां मौजूद सतनामी समाज ने जोरदार विरोध और नारेबाजी शुरू कर दी। इसके जवाब में हिंदू संगठनों, खासकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी आक्रोश जाहिर करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ते ही कोर्ट परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस की कोशिश रही कि भीड़ को नियंत्रित किया जाए, पर इसी दौरान पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कई मिनटों तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस “समाज विशेष” के दबाव में काम कर रही है और हिंदू संगठनों को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि सतनामी समाज के लोग लगातार माहौल बिगाड़ रहे हैं, लेकिन कार्रवाई केवल हिंदू संगठनों पर की जा रही है। संगठन ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की भी मांग की है।
इधर, दोनों पक्षों के हंगामे के बीच कोर्ट ने विवादित कथावाचक आशुतोष चैतन्य को दो दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने मुश्किल से भीड़ को नियंत्रित किया और परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
