स्व. रविकांत कौशिक जी की पुण्यतिथि पर रायपुर में ‘समर्पण सम्मान समारोह’ का आयोजन, उत्कृष्ट पत्रकारों को भी किया गया सम्मानित

'समर्पण सम्मान समारोह'

'समर्पण सम्मान समारोह'

रायपुर । यूथविंग्स डिजिटल मीडिया के प्रेरणा स्रोत, निर्भीक, निष्ठावान और माटी पुत्र वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय रविकांत कौशिक की पुण्यतिथि के अवसर पर रविकांत कौशिक फाउंडेशन द्वारा राजधानी रायपुर में समर्पण सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक स्वाति कौशिक चंद्राकर- यशवंत चंद्राकर, पंकज-रविकांत कौशिक रहे। समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया और स्व. कौशिक के निर्भीक, ईमानदार एवं जुझारू पत्रकारिता जीवन को स्मरण किया गया।

राजनीतिक, पत्रकारिता और सामाजिक जगत की दिग्गज हस्तियां रहीं मौजूद

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक धरमलाल कौशिक, बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, वरिष्ठ पत्रकार श्याम बेताल तथा प्रखर समाचार समूह के प्रधान संपादक दीपक लखोटिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

जुझारू और ईमानदार पत्रकार थे रविकांत कौशिक: अरुण साव

समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि स्व. रविकांत कौशिक जुझारू पत्रकार थे, जिन्होंने पत्रकारिता में नए आयाम स्थापित किए। वे खबरों की तह तक जाने वाले पत्रकार थे और उनकी दिनचर्या सुबह से ही खबरों के इर्द-गिर्द शुरू हो जाती थी। उन्होंने कहा कि स्व. कौशिक की ईमानदारी और पत्रकारिता में दिए गए योगदान को आज उनकी सुपुत्री स्वाति कौशिक आगे बढ़ा रही हैं, यह गर्व की बात है।

अविभाजित मध्यप्रदेश से रहा साथ: भूपेश बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्व. कौशिक के साथ बिताए दिनों को याद करते हुए कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से उनका रिश्ता रहा है। भिलाई से लेकर रायपुर तक स्व. कौशिक की पत्रकारिता यात्रा उन्होंने बेहद करीब से देखी।
उन्होंने कहा कि स्व. कौशिक न केवल खबरें करते थे, बल्कि समय-समय पर सलाह भी देते थे। उनकी जीवटता और सामाजिक समझ अद्भुत थी। उन्होंने सम्मानित पत्रकारों को बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक सौहार्द्रता की भी सराहना की।

ए टू जेड पत्रकार थे रविकांत कौशिक: धरमलाल कौशिक

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि स्व. रविकांत कौशिक को हम सब ए टू जेड पत्रकार कहते थे। खबरों को लेकर उनका जुनून देखने लायक होता था। उनकी जिद रहती थी कि खबर सबसे पहले प्रखर में ही प्रकाशित हो, और अक्सर ऐसा होता भी था। उन्होंने कई रोचक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि कई बार वे बिना पुष्टि के भी नेताओं के आगमन की खबर निकाल लेते थे, जो बाद में सही साबित होती थी।

छोटे गांव से निकलकर पूरे प्रदेश में बनाई पहचान: चंद्रहास चंद्राकर

बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद जिले के छोटे से गांव कोमा से निकलकर स्व. रविकांत कौशिक ने पूरे छत्तीसगढ़ में अपनी अलग पहचान बनाई। वे एनसीसी के उत्कृष्ट कैडेट रहे और पत्रकारिता में भी उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

दोस्ती और पत्रकारिता में कभी समझौता नहीं किया: प्रवीण शुक्ला

स्व. कौशिक के अभिन्न मित्र प्रवीण शुक्ला ने कहा कि पेशेगत सीमाओं के बावजूद उनकी दोस्ती कभी काम के आड़े नहीं आई। वे नेताओं से तीखे सवाल पूछने में कभी पीछे नहीं हटते थे। उन्होंने बताया कि स्व. कौशिक के मार्गदर्शन में उन्होंने लेखन की शुरुआत की और उनके लेख लगातार प्रकाशित होने लगे।

ईमानदारी और मेहनत की मिसाल थे कौशिक: श्याम बेताल

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्याम बेताल ने कहा कि स्व. कौशिक से उनकी मुलाकातें अक्सर काफी हाउस में होती थीं, जहां पत्रकारिता और खबरों पर गहन चर्चा होती थी। आज उनके नाम से फाउंडेशन का गठन और पत्रकारों का सम्मान होना अत्यंत सुखद है।

रविकांत का जाना व्यक्तिगत क्षति थी: दीपक लखोटिया

प्रखर समाचार समूह के प्रधान संपादक दीपक लखोटिया ने भावुक होते हुए कहा कि 15 दिसंबर का दिन आज भी उन्हें भीतर तक झकझोर देता है। उन्होंने स्व. कौशिक से जुड़े कई संस्मरण साझा किए और बताया कि किस तरह वे बड़े से बड़े अधिकारियों के खिलाफ भी निर्भीकता से खड़े रहते थे। रविकांत कौशिक के रहते वे स्वयं को पूरी तरह सुरक्षित महसूस करते थे।

फाउंडेशन शिक्षा और वैचारिक मार्गदर्शन पर कर रहा काम

फाउंडेशन की प्रमुख स्वाति कौशिक चंद्राकर ने श्री रविकांत कौशिक फाउंडेशन के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि यह संस्था विशेष रूप से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत है। फाउंडेशन का ध्यान उन लोगों पर केंद्रित है, जो किसी प्रकार के सामाजिक या वैचारिक द्वंद्व के कारण शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने में असमर्थ हैं। इसका प्रयास है कि ऐसे सभी व्यक्तियों तक सहायता और मार्गदर्शन पहुँचाया जाए, ताकि वे अपनी शिक्षा को पूर्ण रूप से विकसित कर सकें और अपने भविष्य को सशक्त बना सकें।

स्व. रविकांत कौशिक जी
स्व. रविकांत कौशिक जी

उत्कृष्ट पत्रकारों को किया गया सम्मानित :

समारोह में पत्रकार पुनीत कौशिक, योगेश यादव, रचना नितेश तथा रेखा जलक्षत्री को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।

बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, राजनीतिक प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी उपस्थिति रही। मुख्य रूप से वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल शर्मा,राकेश पांडेय,अवधेश मिश्रा,आशीष तिवारी,प्रफुल्ल ठाकुर,संदीप शुक्ला,सुधीर तंबोली,सत्या सिंह राजपूत,मनोज नायक,शकुंतला तरार,शगुफ्ता शिरीन, यशवंत चंद्राकर, युगल किशोर चंद्राकर , मानसी चंद्राकर, प्रेम किशोर चंद्राकर, रजत चंद्राकर, ममता लांजेवार,विनीता मंडल,रेणु नंदी, उचित शर्मा,आरके गांधी, जयदास मानिकपुरी,राजेंद्र जायसवाल,आरती बेनिया,रमा जोशी सिस्टर, भाजपा नेता छगन मूंदड़ा,हेमंत पाणिग्रही, कांग्रेस नेता सुशील आनंद शुक्ला, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, अजय साहू,ऋषभ चंद्राकर जयवर्धन सिंह बिस्सा,मृगेंद्र पांडे, रवि मिरी, गोपी कृष्ण साहू,अद्वैत नायक,भूपेश जांगड़े मौजूद रहे।

read more : नेशनल हेराल्ड केस: सोनिया-राहुल को राहत !, ED की चार्जशीट पर सुनवाई से कोर्ट का इनकार…

Youthwings