कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद भी नहीं जीता रेस, तो किया सलमान और ऋतिक पर केस, हर्जाने में मांगी इतनी रकम

कालाहांडी । ओडिशा के कालाहांडी जिले की खौती कोर्ट में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और ऋतिक रोशन, साथ ही पेप्सिको (माउंटेन ड्यू की कंपनी) और एडवरटाइजिंग स्टैंडर्ड्स काउंसिल ऑफ इंडिया (एएससीआई) के खिलाफ एक महत्वपूर्ण केस दर्ज किया गया है। यह मामला माउंटेन ड्यू के एक विज्ञापन से जुड़ा है, जिसमें आरोप है कि विज्ञापन ने बच्चों को गुमराह किया और अवास्तविक उम्मीदें पैदा कीं।

शिकायतकर्ता खरियार निवासी दीपक दुबे ने बताया कि उनका बेटा विज्ञापन से प्रभावित हुआ। विज्ञापन में सलमान खान और ऋतिक रोशन दिखाए गए हैं, जहां सॉफ्ट ड्रिंक पीने से ताकत बढ़ने और चुनौतियां जीतने का संदेश दिया गया है। बच्चे ने इसे देखकर सॉफ्ट ड्रिंक खरीदने की जिद की, उसे लगा कि इससे उसकी ताकत बढ़ेगी और स्कूल की रेस में जीत पक्की होगी। लेकिन दावा झूठा निकला, जिससे बच्चा निराश हुआ। दुबे ने इसे बच्चों के युवा दिमाग पर बुरा असर डालने वाला बताया।

केस कालाहांडी डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कोर्ट में दर्ज है। पहली सुनवाई 22 दिसंबर 2025 को हुई, जबकि अगली सुनवाई 19 जनवरी 2026 को निर्धारित है। दिलचस्प बात यह है कि शिकायतकर्ता ने मुआवजे के रूप में सिर्फ 1 रुपया मांगा है—यह राशि पैसे कमाने के लिए नहीं, बल्कि भ्रामक विज्ञापनों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध है।

किसके पक्ष में कौन सा वकील ?

एडवरटाइजिंग काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से एडवोकेट अमित जैन

सलमान खान की ओर से एडवोकेट अनीश पटनायक

ऋतिक रोशन और पेप्सिको की ओर से कुणाल बेहरा एंड एसोसिएट्स

यह विज्ञापन 2025 में रिलीज हुआ था, जिसमें दोनों एक्टर्स “डर के आगे जीत है” थीम पर एक्शन से भरपूर सीन में दिखे थे। केस से सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट की जिम्मेदारी, खासकर बच्चों पर प्रभाव और भ्रामक दावों पर बहस छिड़ गई है। कई रिपोर्ट्स में इसे उपभोक्ता अधिकारों और विज्ञापन नैतिकता से जुड़ा मामला बताया गया है।

Youthwings