सलमान खान और गोविंदा फिर करेंगे पर्दे पर कमाल, ‘पार्टनर’ के 18 साल बाद दिखेंगे एक साथ

सलमान खान और गोविंदा

सलमान खान और गोविंदा

मुंबई। बॉलीवुड के दो दिग्गज अभिनेता सलमान खान और गोविंदा एक बार फिर एक साथ नजर आने की तैयारी में हैं। दोनों सितारों की जोड़ी ने साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘पार्टनर’ से जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। करीब 18 सालों बाद दर्शकों का इंतजार खत्म होने जा रहा है, क्योंकि दोनों अब फिर से एक साथ काम करेंगे।

सोशल मीडिया पर मचा हलचल, नया प्रोजेक्ट तय

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान और गोविंदा एक नए फिल्मी प्रोजेक्ट पर साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का टाइटल और बाकी डिटेल्स अभी तय नहीं हुई हैं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, “यह फिल्म दोनों के लिए एक शानदार रीयूनियन साबित होगी।” खबर सामने आने के बाद से सोशल मीडिया पर #Partner2 और #SalmanGovinda ट्रेंड करने लगे हैं।

‘बिग बॉस’ में फिर दिखेगी सलमान-गोविंदा की केमिस्ट्री

गोविंदा जल्द ही सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में गेस्ट बनकर नजर आने वाले हैं। शो के एक एपिसोड में सलमान ने हिंट दी थी कि वह गोविंदा के साथ एक खास प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इसके बाद से ही फैंस के बीच ‘पार्टनर 2’ की चर्चा जोरों पर है और दर्शक इस जोड़ी को फिर पर्दे पर देखने को लेकर उत्साहित हैं।

‘पार्टनर’ की सफलता दोहराने की उम्मीद

डेविड धवन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पार्टनर’ (2007) ने उस दौर में कॉमेडी और एंटरटेनमेंट का नया ट्रेंड शुरू किया था। सलमान और गोविंदा की जोड़ी ने अपनी बेहतरीन टाइमिंग से दर्शकों को खूब हंसाया था। फैंस अब उम्मीद कर रहे हैं कि उनकी आने वाली फिल्म में भी वही पुराना जादू और मस्ती देखने को मिलेगी।

सलमान खान की अगली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’

फिलहाल सलमान खान अपनी आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं और इसमें चित्रांगदा सिंह लीड रोल निभा रही हैं। हाल ही में सलमान ने लद्दाख में फिल्म की शूटिंग पूरी कर मुंबई वापसी की है।

 

Youthwings