सैनिक स्कूल विवाद गरमाया, DEO के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, किया पुतला दहन

गरियाबंद : जिले में स्वीकृत सैनिक स्कूल को जिला मुख्यालय से बाहर ले जाने और शासन को कथित रूप से गलत जानकारी भेजने के आरोपों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अब भाजपा के बाद कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। मंगलवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिरंगा चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए डीईओ का पुतला दहन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सैनिक स्कूल स्थापना के मुद्दे पर दो दिन पहले वरिष्ठ भाजपा नेता मुरलीधर सिन्हा ने डीईओ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तीखी टिप्पणी की थी। इसके बाद अब कांग्रेस ने भी मामले को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सैनिक स्कूल के लिए जिले के पांचों अनुविभागों से उपयुक्त भूमि की जानकारी मंगाई जानी थी, लेकिन तय प्रक्रिया का पालन किए बिना एकतरफा और संदिग्ध तरीके से स्थल चयन का फैसला लिया गया।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि यह निर्णय आखिर किसके निर्देश पर लिया गया और इसे पारदर्शिता के खिलाफ बताते हुए इसके पीछे बड़ी साजिश की आशंका जताई। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

भाजपा नेता के बयान के बाद जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने जिले के सभी पांच अनुविभागों के एसडीएम को पत्र लिखकर सैनिक स्कूल के लिए आवश्यक 70 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है। डीईओ का कहना है कि जहां उपयुक्त भूमि मिलेगी, वहां सैनिक स्कूल निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।

इस पूरे विवाद के बीच जिले में प्रशासनिक कसावट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पिछले चार महीनों में विभिन्न मांगों और शिकायतों को लेकर 30 से अधिक प्रदर्शन हो चुके हैं। कांग्रेस का आरोप है कि प्रशासनिक नियंत्रण कमजोर होने के कारण विभागीय अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। निर्माण कार्य, आपूर्ति और हितग्राही मूलक योजनाओं में लगातार खामियां सामने आ रही हैं।

Youthwings