द्वारका कार हादसे में साहिल की मौत, मां ने आरोपी परिवार की गिरफ्तारी की उठाई मांग

दिल्ली के द्वारका में हुए कार हादसे में जान गंवाने वाले साहिल धनेशरा की मां ने आरोपी परिवार की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि आरोपी अब तक बाहर क्यों है और उसके पिता को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। मां ने कहा कि आरोपी पक्ष माफी मांगकर “इमोशनल ड्रामा” कर रहा है, लेकिन वह किसी भी कीमत पर उन्हें बचने नहीं देंगी।

यह बयान आरोपी के पिता के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने अपने बेटे की गलती स्वीकार करते हुए हर कानूनी प्रक्रिया से गुजरने की बात कही थी। वहीं आरोपी के वकील ने कहा है कि नाबालिग चालक अपनी बोर्ड परीक्षा के बाद 7 मार्च को सरेंडर करेगा।

भावुक हुईं साहिल की मां

साहिल की मां ने कहा कि बच्चे की जगह मां की गोद में होती है, सड़क पर नहीं। उन्होंने कहा कि जिस हालत में उन्होंने अपने बेटे को देखा, उसे कभी भूल नहीं पाएंगी और न्याय मिलने तक चुप नहीं बैठेंगी।

ओवरटेक को लेकर विवाद

कुछ लोगों द्वारा साहिल पर ओवरटेक करने के आरोपों पर उन्होंने कड़ा जवाब दिया। उनका कहना है कि अंतिम सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाया जाए कि क्रॉस लेन ड्राइविंग कौन कर रहा था। उन्होंने दावा किया कि साहिल बस के पीछे चल रहा था और ट्रैफिक रुकने पर दाहिनी ओर से ओवरटेक किया जाता है, बाईं ओर से नहीं। सड़क कर्वेचर वाली थी और जैसे ही स्कॉर्पियो ने बस के सामने से कट मारा, साहिल उससे टकरा गया।

क्या है मामला

यह घटना 3 फरवरी को द्वारका इलाके में हुई थी। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही से हादसा हुआ, जिसमें साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी परिवार की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। साहिल की मां का कहना है कि केवल चालक ही नहीं, बल्कि उसके पिता को भी जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

Youthwings