मैच फिक्सिंग में फंस गया KKR का पूर्व स्पिनर, मिल सकती है ये बड़ी सजा

श्रीलंका के पूर्व ऑफ स्पिनर सचित्र सेनानायके मैच फिक्सिंग के गंभीर आरोपों में फंस गए हैं। हम्बनटोटा उच्च न्यायालय ने उन्हें 2020 की लंका प्रीमियर लीग (LPL) के दौरान अपने एक साथी खिलाड़ी को मैच फिक्सिंग में शामिल होने के लिए उकसाने का दोषी पाया है। आरोप है कि उन्होंने दो खिलाड़ियों को इस लीग में भ्रष्टाचार के लिए लुभाने का प्रयास किया था।

सचित्र को 2020 में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उन्होंने इन आरोपों का पूरी तरह खंडन किया था। गिरफ्तारी के बाद वे बेल पर रिहा हो गए थे। अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने बताया कि भ्रष्टाचार विरोधी नए कानून के तहत यह पहला मामला है जिसमें किसी राष्ट्रीय खिलाड़ी को मैच फिक्सिंग का दोषी पाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सचित्र सेनानायके को इस मामले में लगभग 2.85 करोड़ रुपये का जुर्माना और 10 साल की जेल की सजा हो सकती है। श्रीलंका में मैच फिक्सिंग के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने श्रीलंका को भ्रष्टाचार के मामलों में प्रमुख देशों में गिना है।

सचित्र सेनानायके का क्रिकेट करियर:
40 वर्षीय सचित्र सेनानायके ने 2012 से 2016 तक श्रीलंका के लिए 1 टेस्ट, 49 वनडे और 24 टी20 मैच खेले, जिसमें उन्होंने कुल 78 विकेट लिए। उन्होंने ODI में 53 और टी20 में 25 विकेट हासिल किए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, उन्होंने कोलंबो किंग्स की टीम के थारिंडु रत्नायके को भी मैच फिक्सिंग की पेशकश की थी।

सचित्र आईपीएल में भी खेले हैं और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम का हिस्सा रह चुके हैं। 2013 में उन्होंने KKR के लिए 8 मैचों में 9 विकेट लिए थे।

Youthwings