छत्तीसगढ़ में ग्रामीण सड़कों का विस्तार: PMGSY-IV के तहत मिली 774 नई सड़कों की सौगात

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने उत्कृष्टता का नया मानदंड स्थापित किया है। केंद्र सरकार ने योजना के विभिन्न चरणों में राज्य को अब तक 9,722 सड़कें (48,594 किमी) और 669 पुल स्वीकृत किए हैं। इनमें से 8,753 सड़कें (43,380 किमी) और 470 पुल का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जो ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

PMGSY-IV में 774 नई सड़क परियोजनाओं की मंजूरी

ग्रामीण विकास मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भेजे गए पत्र में बताया गया कि PMGSY-IV के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 774 नई सड़कें, कुल 2,426.875 किलोमीटर लंबाई के साथ, स्वीकृत की गई हैं। इस चरण में पहली बार पात्र और अब तक सड़क से वंचित बसावटों को बारहमासी सड़क संपर्क मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस स्वीकृति से राज्य के दूरस्थ, पहाड़ी और पिछड़े इलाकों तक सर्व-मौसम कनेक्टिविटी पहुंचाने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।

बारहमासी सड़क संपर्क से ग्रामीण जीवन में बड़ा सुधार

केंद्र सरकार के अनुसार इन नई परियोजनाओं से ग्रामीण नागरिकों को— स्वास्थ्य सुविधाओं तक त्वरित पहुंच, स्कूल और पोषण योजनाओं का बेहतर लाभ, कृषि व व्यापार के लिए बाज़ारों से जुड़ाव, आपदा प्रबंधन क्षमता में सुधार, दैनिक आवागमन में सरलता जैसे कई लाभ मिलेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था तेज़ी से विकसित होगी।

केंद्र ने की छत्तीसगढ़ की प्रशंसा

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने PMGSY के क्रियान्वयन में लगातार कमाल किया है। उन्होंने इंजीनियरों, मैदानी कर्मियों और टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण विकास की गति को और रफ्तार देने के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री का धन्यवाद और भविष्य की प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई स्वीकृत परियोजनाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा— “PMGSY-IV के तहत छत्तीसगढ़ को मिली 774 सड़कें राज्य के ग्रामीण विकास अभियान को नई ऊर्जा देंगी। यह उन क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक कदम है जहां अब तक बारहमासी सड़क की सुविधा नहीं थी। मैं प्रधानमंत्री और ग्रामीण विकास मंत्री का धन्यवाद करता हूँ।”

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव तक सुरक्षित, मजबूत और सर्व-मौसम सड़क पहुंचाई जाए, ताकि ग्रामीण जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में व्यापक सुधार हो सके।

 

Youthwings