Fee लिया, Exam कराया… और फिर TC थमा दी! अटल यूनिवर्सिटी में छात्रों का फूटा गुस्सा.. वीडियो वायरल 

बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में गुरुवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब NSUI के छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की सुशांक मिश्रा और कुलसचिव तारनिष गौतम के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विवाद की जड़ विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा शुल्क लेकर प्रवेश देने के बाद छात्रों को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लौटाना बताया जा रहा है।

प्रशासन की लापरवाही से छात्र परेशान

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने कई छात्रों से शुल्क लेकर प्रवेश दिया और उन्हें आंतरिक परीक्षा में शामिल होने की अनुमति भी प्रदान की। लेकिन अचानक इन्हीं छात्रों को यह कहकर टीसी थमा दिया गया कि उनका पोर्टल पर पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) नहीं हो सका। इनमें एक छात्रा भी शामिल है, जिसे माइक्रोबायोलॉजी विषय में प्रवेश दिया गया था, लेकिन बाद में उसे भी टीसी थमा दिया गया।

गौरतलब है कि छात्रों का पंजीयन कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी थी। प्रशासन की इस गलती का खामियाजा अब निर्दोष छात्र भुगत रहे हैं। जब छात्रों ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई, तो प्रशासन ने उन पर दबाव बनाने और धमकाने की कोशिश की।

NSUI ने उठाई छात्रों की आवाज

इस पूरे मामले से छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया। NSUI नेता लक्की मिश्रा ने तुरंत छात्रों के साथ विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलसचिव और अन्य अधिकारियों से तीखी बहस की और जवाब-तलब किया। उन्होंने छात्रों की समस्या को गंभीरता से उठाते हुए कहा, “विश्वविद्यालय प्रशासन की गलती का खामियाजा किसी भी छात्र को नहीं भुगतना पड़ेगा। NSUI हर छात्र के साथ खड़ी है और जब तक सभी प्रभावित छात्रों को वैध प्रवेश नहीं मिल जाता, यह लड़ाई जारी रहेगी।”

उग्र आंदोलन की चेतावनी

लक्की मिश्रा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने शीघ्र ही छात्रों को पुनः प्रवेश नहीं दिया, तो NSUI उग्र आंदोलन करेगी। उनके सख्त रुख और हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू करने और प्रभावित छात्रों के प्रवेश बहाल करने का आश्वासन दिया है।

Youthwings