Reliance US Refinery Plan: टेक्सास में बनेगी $300 बिलियन की तेल रिफाइनरी, रिलायंस के साथ ट्रंप का बड़ा ऐलान
Reliance US Refinery Plan: भारत की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी अमेरिका के टेक्सास में एक बड़े तेल रिफाइनरी प्रोजेक्ट में भागीदारी करने जा रही है। इस प्रोजेक्ट की घोषणा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social के जरिए की।
ट्रंप के अनुसार, टेक्सास के ब्राउनविल में “अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग” प्रोजेक्ट के तहत एक नई तेल रिफाइनरी बनाई जाएगी। खास बात यह है कि अमेरिका में लगभग 50 साल बाद पहली बार नई रिफाइनरी स्थापित होने जा रही है। इस बड़े प्रोजेक्ट में मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह प्रोजेक्ट पहले Element Fuels द्वारा विकसित किया जा रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी ने जून 2024 तक साइट की तैयारी पूरी कर ली थी और जरूरी परमिट भी हासिल कर लिए थे। इस रिफाइनरी की क्षमता प्रतिदिन करीब 1.6 लाख बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस करने की बताई जा रही है।
अब इस प्रोजेक्ट का संचालन America First Refining के पास है। कंपनी ने जानकारी दी है कि इस साल की दूसरी तिमाही में निर्माण कार्य शुरू होने की योजना है। साथ ही, प्रोसेस किए गए ईंधन की बिक्री के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ 20 साल का लॉन्ग टर्म एग्रीमेंट भी किया गया है।
इस खबर के बाद शेयर बाजार में रिलायंस के शेयरों में हलचल देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में कंपनी के शेयर 1.74% बढ़कर ₹1433.65 तक पहुंच गए थे। हालांकि बाद में बाजार में गिरावट आने से शेयर भी नीचे आ गया।
दोपहर करीब 11:45 बजे सेंसेक्स 909 अंक गिरकर 77,296 के स्तर पर और निफ्टी 252 अंक गिरकर 24,009 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान रिलायंस का शेयर 0.73% गिरकर ₹1398.50 पर ट्रेड कर रहा था। कंपनी का मार्केट कैप करीब 18.93 लाख करोड़ रुपये रहा।
विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल रिलायंस का स्टॉक कंसोलिडेशन फेज में है। तकनीकी विश्लेषकों का मानना है कि ₹1300 मजबूत सपोर्ट लेवल है, जबकि ऊपर की ओर ₹1435 और ₹1490 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस माने जा रहे हैं।
