लाल किला ब्लास्ट: मृतकों के परिजनों को 10 लाख, घायलों को 2 लाख तक की मदद देगी दिल्ली सरकार
दिल्ली। लाल किले के पास हुए भीषण धमाके के पीड़ितों के लिए दिल्ली सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह हादसा बेहद दर्दनाक है और सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि blast में घायल हुए लोगों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी दिल्ली सरकार उठाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में हुई यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना पूरे शहर को हिला देने वाली है। सरकार की गहरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है या जो घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने तत्काल राहत के तौर पर मृतक के परिजनों को ₹10 लाख, स्थायी रूप से अपंग हुए लोगों को ₹5 लाख, और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है।
सीएम ने कहा कि घायलों के समुचित और गुणवत्तापूर्ण इलाज की जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि दिल्ली की शांति और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन पूरी तत्परता से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।
गौरतलब है कि इस धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग घायल हैं, जिनका इलाज राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
